कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई सक्रिय हो गई है। कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को सीबीआई की एक टीम ने प्राथमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय पर और तलाशी अभियान चलाया।
पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट की खंडपीठ ने एकल पीठ के आदेश को बरकरार रखा है। कोर्ट की निगरानी में सीबीआई टीईटी मामले की जांच करेगी। कोर्ट ने कहा कि मामला ऐसे ही आगे बढ़ेगा क्योंकि यह अदालत की निगरानी में है।
विज्ञापन
दरअसल, पश्चिम बंगाल में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के जरिए प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में धांधली के मामले सामने आए हैं। इसे लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट की एकल पीठ ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे।
कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई सक्रिय हो गई है। कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को सीबीआई की एक टीम ने प्राथमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय पर तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के मुताबिक, टीईटी की नियुक्ति में गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए सीबीआई ने कार्यालय पर छापा मारा। टीम ने आवश्यक दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। सीबीआई की टीम जिसमें चार लोग शामिल थे, शाम करीब चार बजे साल्ट लेक स्थित आचार्य सदन स्थित परिषद के कार्यालय पहुंची।
विज्ञापन
चिटफंड मामले में नगर निगम के अध्यक्ष गिरफ्तार
इस बीच सीबीआई ने सनमर्ग कल्याण संगठन से जुड़े एक चिटफंड मामले में कोलकाता के निकट हलीशहर के नगर निगम अध्यक्ष राजू सहानी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने तलाशी के दौरान 80 लाख रुपये नकद और एक देसी बंदूक बरामद की है। केंद्रीय एजेंसी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 30 अक्टूबर 2018 को मामला दर्ज किया था।