पश्चिम बंगाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लिए बनाई गई स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दो सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से हथियार और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है।
पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) के सक्रिय सदस्यों- मंटू मल्लिक और उसके करीबी सहयोगी प्रतीक भौमिक को मुर्शिदाबाद जिले से पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी प्रतीक भौमिक के कब्जे से माओवादी गतिविधियों से संबंधित कुछ दस्तावेज और हथियार भी बरामद किए गए।
विज्ञापन
पुलिस ने पिस्टल, नकदी, बाइक और 40 हजार जब्त किए
स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कार्रवाई के बारे में पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक बयान में कहा, दोनों गिरफ्तार माओवादियों के कब्जे से छह राउंड कारतूस से भरी 7.65 मिमी पिस्तौल, नकद 40,000 रुपये भी बरामद किए गए। उनके पास एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
30 नवंबर तक पुलिस हिरासत
आतंकी संगठन सीपीआई माओवादी के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे दोनों- मंटू मल्लिक और प्रतीक भौमिक को पुलिस ने निचली अदालत के जज के समक्ष पेश किया। दलीलों और आरोपों को सुनने के बाद मुर्शिदाबाद के चीफ जज ने दोनों को 30 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।