पश्चिम बंगाल की गलसी (सुरक्षित) विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तपन बागड़ी ने शनिवार को दावा किया कि पूर्वी वर्धमान जिले का पार्टी नेतृत्व उन पर चुनाव नहीं लड़ने का दबाव डाल रहा है क्योंकि उनके खिलाफ छेड़छाड़ का एक 'झूठा' मामला लंबित है। उन्होंने धमकी दी कि यदि उन्हें चुनाव नहीं लड़ने दिया गया तो वह आत्मदाह कर लेंगे।
पश्चिम बंगाल-असम में पहले चरण का मतदान खत्म
वहीं पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग ने बताया कि शाम पांच बजे तक पश्चिम बंगाल में 79.79 और असम में 72.14 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पश्चिम बंगाल में 30 सीटों पर जबकि असम में 47 सीटों पर मतदान हुआ।
चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में 10,288 ईवीएम (बैटल यूनिट और कंट्रोल यूनिट) और इतनी ही संख्या में वीवीपैट मशीनों का उपयोग हुआ। वहीं असम में 11,537 ईवीएम और 37 वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल हुआ।