जानकारी के मुताबिक, नंदीग्राम से चुनाव लड़ने के लिए ममता बनर्जी 11 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगी। गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने बीते दिनों एलान किया था कि वह 10 मार्च को नंदीग्राम जाएंगी और 11 मार्च को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। माना जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस जल्द ही अपना घोषणा-पत्र भी जारी कर सकती है।
बता दें कि ममता बनर्जी के एक दिन बाद भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। सुवेंदु ने एक वक्त पर तृणमूल कांग्रेस में बड़ी भूमिका निभाई थी, लेकिन अब वह अपनी पूर्व नेता (ममता बनर्जी) को हराने के लिए दम भर रहे हैं। सुवेंदु अधिकारी का कहना है कि वह ममता बनर्जी को 50 हजार वोटों से हराएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, सुवेंदु अधिकारी भाजपा का किला मजबूत करने की लगातार कोशिशें कर रहे हैं। इस बीच उन्होंने बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष रहे दिवंगत नेता सोमेन मित्रा के परिजनों से मुलाकात की। बता दें कि सोमेन मित्रा की पत्नी शिखा मित्रा फिलहाल कांग्रेस में हैं। ऐसे में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटों पर आठ चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 27 मार्च को वोट डाले जाएंगे, जबकि आखिरी चरण के चुनाव 29 अप्रैल को होंगे। 2 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। टीएमसी ने अब तक सभी 291 और भाजपा ने 57 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। बता दें कि भाजपा इस बार बंगाल में 200 से अधिक सीटें का दावा कर रही है।