पश्चिम बंगाल को सुलगाने की एक बड़ी साजिश रची जा रही थी। बीरभूम हिंसा की सीबीआई जांच के बीच यहां बड़ी मात्रा में बम मिले हैं। पुलिस को यहां के सिकंदरपुर गांव के एक फुटबाल मैदान के पास एक झोले में देशी बम मिले। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के बाद सीआईडी के बम निरोधक दस्ते को बुलाकर इन बमों को निष्क्रिय कराया गया है।
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हिंसा मामले में पुलिस ने 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से अधिकांश राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। उधर, सीबीआई ने इन 21 आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149 और अन्य धाराएं लगाई हैं। ये धाराएं सशस्त्र दंगे से संबंधित हैं। बीरभूम जिले के बागतुई गांव में आठ लोगों को जिंदा जलाए जाने की घटना के बाद शुक्रवार को कलकत्ता हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। इससे दबाव में आई ममता सरकार ने पुलिस को ताबड़तोड़ गिरफ्तारी का आदेश दिया था। बीते 72 घंटे में पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार किया है।