हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी मतदाता सूची को लेकर सियासत शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची में हेराफेरी करने का आरोप लगाया। चेतावनी देते हुए ममता ने कहा कि अगर चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों को जल्द से जल्द दूर नहीं किया गया तो वह आयोग के दफ्तर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना देंगी।
तृणमूल सुप्रीमो ने कहा, हम उन फर्जी मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिन्हें भाजपा की मदद से मतदाता सूची में शामिल किया गया है। हम बाहरी लोगों (भाजपा) को बंगाल पर कब्जा करने की अनुमति नहीं देंगे। बनर्जी ने कहा, भाजपा ने दिल्ली (विधानसभा चुनाव) में जो किया है, उसे बंगाल में दोहराया नहीं जा सकता।
अभिषेक बनर्जी ने अफवाहों का किया खंडन
इस बीच. ममता के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। भाजपा ज्वाइन करने की अफवाहों पर तृणमूल महासचिव अभिषेक ने कहा कि वह 'ममता बनर्जी जिंदाबाद' ही बोलेंगे, भले ही उनका गला काट दिया जाए।