बंगाल में मचे घमासान के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्हें अगले महीने से जेड-प्लस सुरक्षा मिलेगी। अब तक उन्हें जेड-श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, जिसे अब बढ़ाया जा रहा है। पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के साथ विभिन्न सरकारी पदों से इस्तीफा दे दिया था और राज्य सरकार की ओर से दी गई सुरक्षा लौटा दी थी।
बीरभूम हिंसा के खिलाफ सोमवार को महाजुलूस
इसके बाद भाजपा में शामिल होने के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुवेंदु अधिकारी को जेड-श्रेणी की सुरक्षा दी थी। उन्हें बुलेट प्रूफ कार भी मिली है। इस बीच भाजपा ने बीरभूम हिंसा के खिलाफ सोमवार को महाजुलूस निकालने का एलान किया है जो बेलिंगटन से रानी रासमनि रोड तक जाएगा। शनिवार को शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने रामपुरहाट ब्लॉक के पास धरना दिया।
बीरभूम हत्याकांड के खिलाफ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में धरना दिया। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी की सरकार पर जमकर हमला बोला और आरोप लगाया कि सीएम ममता और टीएमसी नेताओं के संरक्षण में असामाजिक लोगों को प्रश्रय दिया जा रहा है।
शुभेंदु अधिकारी को कई मौकों पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा है। उनके कार्यक्रमों में कई व्यवधान भी डाले गए। कोलकाता में तो उन्हें घेर कर विरोध प्रदर्शन व काले झंडे तक दिखाए गए थे। इसे देखते हुए अब केंद्र सरकार ने शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है।
न केवल निकाय चुनाव के दौरान विरोध प्रदर्शन हुए बल्कि नेताई, बांकुड़ा और कांथी में विभिन्न कार्यक्रमों में जाने के दौरान शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा को बाधित करने की कोशिश की गई थी। यह मामला कलकत्ता उच्च न्यायालय तक पहुंचा था। राज्य के नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया था कि कांथी में उनके आवास शांतिकुंज के आसपास उन पर निगरानी रखने के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।