भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को नंदीग्राम विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। इस सीट पर उनका मुकाबला मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी से होगा। अधिकारी ने एक रैली के बाद हल्दिया में उप-विभागीय कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन दाखिल करने से पहले हुई रैली में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और स्मृति ईरानी ने भी शिरकत की।
बता दें रैली के बाद सुवेंदु ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं ही ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हराऊंगा। नामांकन से पहले एक सभा के जरिये पूर्व मंत्री अधिकारी ने हल्दिया में शक्ति प्रदर्शन किया।
अधिकारी दिसंबर में ही तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। तृणमूल की टिकट पर 2016 में अधिकारी ने नंदीग्राम से भाकपा के उम्मीदवार को 81,230 मातों के अंतर से मात दी थी। बनर्जी ने बुधवार को नंदीग्राम से नामांकन दाखिल किया था। वाम नेतृत्व वाले महागठबंधन ने माकपा की युवा नेता मिनाक्षी मुखर्जी को यहां से मैदान में उतारा है।
बंगाल चुनाव को लेकर 14 मार्च को टीएमसी अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। बताया जा रहा है कि आज मुख्यमंत्री के लिए गठित मेडिकल बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें ममता बनर्जी की अस्पताल से छुट्टी पर फैसला लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल व असम में और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनावों के तहत 27 मार्च से 29 अप्रैल तक मतदान होगा और दो मई को नतीजों का एलान होगा। राजनीतिक दृष्टि से सबसे संवेदनशील माने जाने वाले बंगाल में आयोग ने आठ चरणों में चुनाव कराने का फैसला लिया है, जो राज्य में अब तक का सबसे लंबा चुनाव होगा।
इससे पहले यहां सात चरणों में चुनाव कराए गए हैं। इसके साथ ही असम में तीन चरणों में चुनाव होंगे जबकि तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एक-एक चरण में ही विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे।