मौसम की मार: उत्तर प्रदेश के मेरठ में गिरी होर्डिंग
- फोटो : पीटीआई
आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का दौर जारी
अगले चार से पांच दिनों के दौरान केरल में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। लेकिन मानसून के पहुंचने से पहले पश्चिमी घाट के कुछ हिस्सों, कर्नाटक से लेकर महाराष्ट्र के कई इलाकों में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का दौर जारी है। पालघर जिले के नाला सोपारा में भारी बारिश के कारण एक घर का छज्जा गिर गया, जिसमें दो लोगों को बचा लिया गया। पश्चिमी हिमालयी राज्य हिमाचल प्रदेश में सुबह धूप खिली तो दोपहर के बाद भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते अंधेरा छा गया। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
ये भी पढ़ें- Delhi NCR Weather : आंधी-बारिश के साथ पड़े ओले... बत्ती गुल-सड़कें जाम, पेड़ और खंभे गिरे; सात की मौत
मौसम की मार: भारी बारिश के बाद राष्ट्रपति भवन के पास और रायसीना हिल्स के आसपास जमाव
- फोटो : पीटीआई
जलभराव के कारण सड़कें बंद, बिजली भी गुल
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मानसून से पहले की बारिश हो रही है। पुणे और बंगलूरू जैसे प्रमुख शहरों में भारी बारिश में जलभराव के कारण सड़कें बंद हो गई हैं। कई घरों में अब भी बारिश का पानी घुसा हुआ है। कई जगह पेड़ गिरने से रास्ते बंद हैं तो बिजली भी गुल है।
मौसम की मार: महाराष्ट्र के सांगली में बारिश के बाद जलभराव से परेशान दुकानदार
- फोटो : पीटीआई
वज्रपात और भारी वर्षा का पूर्वानुमान
कर्नाटक के तटीय और घाटी क्षेत्रों में 204.5 मिमी से अधिक वर्षा की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात और भारी वर्षा भी संभावित है और 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
मौसम की मार: अचानक बदले मौसम के बाद वाराणसी में गंगा किनारे का मंजर
- फोटो : पीटीआई
इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, मराठवाड़ा, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ 64.5 से 115.5 मिमी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल से औसतन 1.5 किमी ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और एक पश्चिम पूर्व ट्रफ लाइन मध्य पाकिस्तान से शुरू होकर राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक फैली हुई है।
मौसम की मार कर्नाटक के हुबली में भी दिखी, बचने का प्रयास करते हुए लोग
- फोटो : पीटीआई
आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी आशंका
इस ट्रफ के प्रभाव से 21 से 26 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम की मार: केरल के तिरुवनंतपुरम में भी जमकर घुमड़े काले बादल
- फोटो : पीटीआई
उत्तर-पश्चिम व मध्य भारत में गर्मी का सितम
जहां दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून की हलचल दिख रही है, वहीं उत्तर पश्चिम तथा मध्य भारत के एक बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और लू से लोग परेशान हैं । मौसम विभाग ने चेताया है कि अगले दो से तीन दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दक्षिण हरियाणा, पंजाब, पूर्वी महाराष्ट्र और राजस्थान के कई क्षेत्रों में लू का प्रकोप बना रहेगा। राजस्थान और ओडिशा के कुछ हिस्सों में रात के समय भी गर्म हवाएं चलने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
तेलंगाना में हैदराबाद के हुसैन सागर लेक के पास भी बारिश हुई
- फोटो : पीटीआई
6 दिन पहले दस्तक दे सकता है मानसून, 16 साल बाद होगा ऐसा
मौसम विभाग के अनुसार केरल में आमतौर पर मानसून 1 जून को आता है, लेकिन इस साल 26 मई के आसपास आने की संभावना है, जो सामान्य तारीख से करीब छह दिन पहले है। यह 2009 के बाद पहला मौका हो सकता है जब मानसून इतनी जल्दी केरल में दस्तक देगा।
पंजाब के अमृतसर में तेज हवाओं के साथ बारिश का कहर दिखा
- फोटो : पीटीआई
अब इन राज्यों की तरफ बढ़ेगा मानसून
इस बीच 22 मई से दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र के बाकी इलाकों, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।