देश के मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां उत्तर भारत में तेज गर्मी पड़ रही है, तो दूसरी तरफ पहाड़ों में हिमपात होने से हल्की ठंड बनी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के कारण कई जगह फसलों को नुकसान भी पहुंचा है। इस बीच आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लिए मौसम को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तपते मौसम के बीच 22 अप्रैल को गर्मी से राहत मिलेगी। सोमवार को हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है।
उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी दस्तक दे चुकी है। क्षेत्रों के ज्यादातर जिलों में तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 6-7 दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। इस बीच करीब 30-35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। यह सिलसिला अगले दो-तीन दिनों तक रहेगा। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन लखनऊ समेत पूर्वांचल के किसी भी जिले में बरसात नहीं होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 22 और 23 अप्रैल को आंधी व वर्षा हो सकती है। उसके बाद पांच दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है।
आज इन क्षेत्रों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 26 अप्रैल तक बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा में गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। 22 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में बारिश के साथ बिजली कड़क सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में 24 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। 22 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा की बात करें तो 21 और 22 अप्रैल को कोंकण और गोवा में हल्की बारिश संभव है। केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट वर्षा हो सकती है।