प्रचंड गर्मी सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही है। घर से बाहर निकलते ही आसमान से बरसती आग बदन झुलसा रही है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से बच्चों और बुजुर्गों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लू से बचने की सलाह दी है साथ ही कहा है कि बच्चों और बुजुर्गों को धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए।
कोरोना से ज्यादा लू की चिंता
समय से पहले पड़ रही भीषण गर्मी के कारण भारत सहित पूरे दक्षिण एशिया की एक अरब से ज्यादा आबादी भयंकर गर्मी और लू की चपेट में है। वैज्ञानिकों ने इस प्रचंड मौसम का कारण जलवायु परिवर्तन बताया है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल कोरोना की संभावित चौथी लहर से ज्यादा चिंता की बात लू है। लोग गर्मी के कारण ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं। उधर, दिल्ली स्थित मौसम विभाग कहा है कि अगले तीन दिनों तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। उत्तर पश्चिम भारत में पारा 47 डिग्री तक जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
क्याें पड़ रही इतनी गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस साल अप्रैल के महीने में बारिश बिल्कुल भी नहीं हुई है। अमूमन मार्च-अप्रैल में हल्की बारिश होती थी, जिससे तापमान में थोड़ी कमी आती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। एक मार्च से लेकर अब तक औसत बारिश में 87 फीसदी की कमी देखने को मिली है। यही कारण है कि होली के बात से तापमान लगातार बढ़ रहा है।