पिछले 24 घंटे में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कहीं हल्की तो कहीं कड़ाके की ठंड पड़ी है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी। मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान झांसी में 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया जबकि सबसे कम तापमान रायबरेली के फुरसतगंज में तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अनुमान है कि शनिवार सुबह प्रदेश में कई स्थानों पर कहीं हल्का और कहीं घना कोहरा छाया रहेगा।
मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी
मध्यप्रदेश के कई भागों में तापमान में गिरावट आने से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक जीडी मिश्रा ने बताया कि विभाग के मध्यप्रदेश के 30 स्टेशनों में से छह में पारा पिछले 24 घंटे में (गुरुवार सुबह 08.30 से शुक्रवार 08.30 बजे तक) तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि बाकी बचे हुए विभाग के 23 स्टेशनों में इस अवधि के दौरान न्यूनतम तापमान तीन से 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
मिश्रा ने बताया कि उत्तर भारत से मध्यप्रदेश की ओर ठंडी हवाएं आ रही हैं, जिससे प्रदेश में तापमान गिरा है। उन्होंने कहा कि पूर्वी मध्यप्रदेश एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में अत्यधिक ठंड पड़ रही है। मिश्रा ने बताया कि ने राज्य में अभी कुछ और दिन तक सर्दी जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दतिया में दर्ज किया गया,जबकि भोपाल में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
श्रीनगर शहर और गुलमर्ग पर्यटन केंद्र में न्यूनतम तामपान में आंशिक वृद्धि होने के बावजूद शुक्रवार को कश्मीर घाटी में रात का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी-श्रीनगर और उत्तर कश्मीर में मशहूर पर्यटन केंद्र गुलमर्ग घाटी में ऐसे स्थान है, जहां रात के तापमान में गुरुवार को थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई थी।
विभाग के अनुसार घाटी में अन्य सभी मौसम केंद्रों ने न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की । श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि इससे पिछली रात यह शून्य से 6.4 डिग्री नीचे था और वह इस मौसम की यह सबसे अधिक सर्द रात थी। गुलमर्ग में पारा शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढक गया, जबकि उसकी पिछली रात यह शून्य से 11 डिग्री नीचे रहा था। गुलमर्ग केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में पारा शून्य से 9.2 डिग्री नीचे लुढ़क गया। विभाग के मुताबिक इस केंद्रशासित प्रदेश में माह के आखिर तक ज्यादा बर्फबारी होने की संभावना नहीं है, वैसे 21-22 दिसंबर को घाटी में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश के कीलोंग में पारा माइनस 10 डिग्री तक लुढ़का
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कीलोंग, कल्पा और मनाली शून्य से नीचे के न्यूनतम तापमान में ठिठुरते रहे। मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना रहा जहां पारा शून्य के नीचे 10 डिग्री सेल्सियस तक लुढक गया।
उन्होंने बताया कि किन्नौर के कल्पा जिले में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उनके अनुसार मनाली में पारा शून्य के नीचे एक डिग्री सेल्सियस तक लुढक गया जबकि डलहौजी एवं कुफरी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.4 और 4.4 डिग्री रहा। सिंह के अनुसार शिमला में न्यूनतम तामपान 4.6 दर्ज किया गया।