राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में मानसून फिर से सक्रिय हो जाने के चलते रविवार को हुई बारिश से दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी है। विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट और अपडेट रहने की हिदायत दी है।
वहीं दो दिन से हो रही बारिश ने पहाड़ी राज्यों को काफी नुकसान पहुंचाया है। हिमाचल के कुल्लू में तीन जगह बादल फटने और दो दिन से हो रही भारी बारिश के चलते आधे हिमाचल में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली
राजधानी में मानसून फिर से सक्रिय हो जाने के चलते रविवार को हुई बारिश से दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में ओरेंज अलर्ट की चेतावनी दी है। विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट और अपडेट रहने की हिदायत दी है। सोमवार को दिल्ली में तेज बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल में दो दिन से जारी बारिश से कई इलाकों में जल प्रलय जैसे हालात बन गए हैं। नदियों में जलस्तर बढ़ने से प्रदेश के तीन बांधों के गेट खोलने पड़े, जिससे रावी और व्यास नदी का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया। कुल्लू-मनाली और चंबा में चार पुल बह गए हैं। मंडी के दवाड़ा और चंबा के तीसा में पानी हाईवे पर आ गया। कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया है। दो पुलों को दरारें आ गईं। चंबा के होली में एक बिजली प्रोजेक्ट में पानी घुस गया।
वहीं, इसी इलाके में कांगड़ा से लौट रहे भेड़पालकों के 300 मवेशी बाढ़ में बह गए। ब्यास में पानी के उफान के चलते मनाली से मंडी तक कई जगहों पर लोगों के फंसने की सूचनाएं हैं। रेस्क्यू के लिए सेना का हेलीकाप्टर बुलाया गया है। उधर, मनाली बस स्टैंड पर खड़ी पर्यटकों की खाली वोल्वो बस बह गई।
चंबा के होली में टिपर और कुल्लू के बाशिंग में एक ट्रक समेत कई वाहनों के बहने की सूचनाएं हैं। कुल्लू में बहे ट्रक में चालक और परिचालक भी सवार थे, जिन्हें लोगों ने बहते हुए देखा। प्रशासन ने पूरे इलाके में अलर्ट घोषित कर दिया है। कुल्लू, किन्नौर, मंडी और चंबा जिलों के स्कूलों में सोमवार की छुट्टी घोषित कर दी गई है।