फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather: आपके राज्य में अगले पांच दिन कैसा रहेगा मौसम, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में क्या होगा?

Sun, 15 Jan 2023 01:51 PM IST
हिमांशु मिश्रा स्पेशल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आइए जानते हैं कि उत्तर भारत के किस राज्य में अगले पांच दिन तक कैसा मौसम रहेगा? हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में क्या होगा? 
 
विज्ञापन
ठंड के चलते लोग परेशान हैं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 15 जनवरी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में शीतलहर लौटने की आशंका है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और यूपी के कुछ इलाकों में बारिश के भी आसार हैं, जिससे तापमान और नीचे गिर सकता है। आइए जानते हैं कि उत्तर भारत के किस राज्य में अगले पांच दिन तक कैसा मौसम रहेगा? हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में क्या होगा? 
विज्ञापन

 

दिल्ली-एनसीआर में गलन बढ़ेगी, बर्फीली हवाएं करेंगी परेशान
दिल्ली-एनसीआर में आज से तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बर्फ से ढके पहाड़ों से बर्फीली उत्तरपूर्वी हवाएं पहले ही मैदानी इलाकों की ओर बहने लगी हैं। इससे पश्चिमी विक्षोभ, जिसने उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े क्षेत्रों में ठंड से राहत दिलाई थी, पीछे हटना शुरू हो गया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से राहत मिलने से पहले उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में इस महीने के अधिकांश दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

यह पिछले 10 से 11 दिनों से भारत-गंगा के मैदानी इलाकों में घने कोहरे की परत और दो पश्चिमी विक्षोभों के बीच एक बड़े अंतर के कारण था, जिसने बर्फ से ढके पहाड़ों से ठंडी हवाओं को सामान्य से अधिक समय तक चलने दिया। आने वाले दिनों में शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 15 जनवरी से दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में फिर से शीतलहर की स्थिति बनने की आशंका है। वहीं, मंगलवार से 20 जनवरी तक विभाग ने येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है।



इसके पहले शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान भी 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार सुबह दिल्ली की हवा बेहद खराब रही। यहां AQI 337 दर्ज किया गया। 

 

यूपी में ठिठुरन बढ़ेगी, पारा गिरने का अनुमान
यूपी में 19 जनवरी तक भीषण ठंड की संभावना जताई गई है। इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यूपी में अब अगले पांच दिन कड़ाके की ठंड पड़ने के पूरे आसार हैं। पारा 2 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि 16 से 19 के बीच सबसे ज्यादा ठंड पड़ेगी। इस बीच, घने कोहरे की भी आशंका है। 

यूपी के इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी : रायबरेली, लखनऊ, अमेठी, बाराबंकी, गोंडा, अंबेडकरनगर, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, जालौन, झांसी, फरुर्खाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, हमीरपुर, महोबा, बांदा, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज समेत पूर्वांचल के अधिकतर जिले। 

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट : सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, बरेली, पीलीभीत, अमरोहा, रामपुर, आगरा, फिरोजाबाद समेत पश्चिमी यूपी के अधिकतर जिले।

4 से 6 डिग्री गिरेगा पारा : मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय राज्यों में भारी बर्फबारी शुरू हो गई है। वहां से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में आगामी दो-तीन दिनों के दौरान 4 से 6 डिग्री तापमान में गिरावट संभव है। 16 से 19 जनवरी तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनेगी। पश्चिमी यूपी में इससे ज्यादा असर देखने को मिलेगा।
 

राजस्थान: शीतलहर का अनुमान, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
सूबे में अगले कुछ दिन कंपाने वाली सर्दी पड़ेगी। इससे रात का पारा सामान्य से नीचे आ जाएगा और अधिकतम तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन 16 शहरों में शीतलहर के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है। 
 

बिहार: कोहरे के चादर से लिपटेगा बिहार, येलो अलर्ट जारी
प्रदेश के 11 शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आलम ये है कि दिल्ली और जम्मू से भी ज्यादा असर देखने को मिल रहा। पटना, छपरा, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत 11 जिलों में तापमान धर्मशाला और कुल्लु से भी नीचे चला गया। मौसम वैज्ञानिकों ने 18 जनवरी तक बिहार में अधिकतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, जबकि न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बिहार के समस्तीपुर, सारण, वैशाली, मोतिहारी, पूर्णिया सहित 20 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अररिया, सारण, किशनगंज को छोड़कर राज्य के सभी शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। 
 

मध्य प्रदेश: तापमान में गिरावट जारी, शीतलहर की चेतावनी
भोपाल में शनिवार को तापमान में तेजी से गिरावट आई है। ठंड से थोड़ी राहत के बाद एक बार फिर शहर और राज्य में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जनवरी तक तापमान में गिरावट आएगी, जिसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर होगा। इसके बाद रात के तापमान में वृद्धि होगी। वहीं, तापमान में गिरावट के बाद ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक दो-दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा।

भोपाल में शनिवार को दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहा है। रविवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। वहीं, शहर में रात का तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। शहर में हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी थी और औसत हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा थी।

राज्य में सबसे कम तापमान भोपाल, धार और रायसेन में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य के कुछ स्थानों पर कोहरा छाया रहा है। ग्वालियर में दृश्यता शून्य हो गई थी। दतिया और शिवपुरी में यह 200 और 500 मीटर के बीच था। वहीं, गुना और खजुराहो में यह 1000 मीटर था।
 

छत्तीसगढ़ : अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी
हवा की दिशा में बदलाव के बाद आसमान में हल्के बादलों के कारण मौसम सामान्य रहा। अभी पश्चिम से हवा आ रही है। रविवार से यह फिर से उत्तर की तरफ से आ सकती है। शनिवार को दिनभर ठंडी हवाओं के कारण वातावरण खुशनुमा बना रहा। अभी अगले दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उसके बाद अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि छत्तीसगढ़ के मैदानों ही नहीं बल्कि जंगल-पहाड़ों में भी अब ठंड में ज्यादा वृद्धि की संभावना नहीं है।

पहाड़ों पर क्या होगा? 

उत्तराखंड : शीतलहर की आशंका, रुक-रुककर हो सकती है बर्फबारी
मौसम के करवट बदलने के बाद शनिवार को चौथे दिन भी बारिश और बर्फबारी हुई। चारधाम सहित उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर मध्यम हिमपात हुआ। जबकि, निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई। गलन भरी हवाओं के चलते प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई। देहरादून में शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक बारिश हुई। धनोल्टी और आसपास के इलाकों में सीजन का पहला हिमपात हुआ। इससे सैलानियों के चेहरे खिल गए। शनिवार को बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बर्फबारी हुई। 

उत्तरकाशी में गंगोत्री, यमुनोत्री हर्षिल घाटी, सांकरी, जखोल, गंगाड, दयारा बुग्याल सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को बर्फबारी हुई। वहीं, उत्तरकाशी और आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग झाला से लेकर गंगोत्री के बीच बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। कोटद्वार में हल्की बारिश हुई। पौड़ी में हल्के बादलों के बीच धूप खिली। चमोली आसमान में बादल छाने से ठंड बढ़ गई। रुद्रप्रयाग में बादल छाए रहे। मसूरी में भी हल्की बारिश हुई। आज से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार आज से अगले कुछ दिन शुष्क मौसम के बीच मैदानों में घना कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा सकता है। इस दौरान शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में बीते तीन दिनों से चोटियों पर रुक-रुककर हिमपात हो रहा है। चारधाम समेत हेमकुंड साहिब, औली, हर्षिल व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहाड़ों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। आगे भी इसके जारी रहने का अनुमान है। 

 

हिमाचल प्रदेश : 72 घंटे साफ रह सकता है मौसम
हिमाचल में दो दिन बर्फबारी के बाद आज से अगले 72 घंटे तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 18 और 19 को फिर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। इस बीच मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने व शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 48 घंटे के दौरान ऊंचे क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी के बाद लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। चार नेशनल और दो स्टेट हाईवे सहित 276 सड़कें बंद हैं। इससे 220 से ज्यादा रूटों पर परिवहन सेवाएं बाधित हुई हैं। इस वजह से खासकर मरीजों व प्रसूति महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। कई जगह बिजली भी प्रभावित हो गया है। 

 

जम्मू कश्मीर : बारिश और बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर में शनिवार को मौसम में हल्का सुधार हुआ है। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को भी यातायात के लिए खोल दिया गया है। मौमस विभाग ने जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में 18 जनवरी तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर भारत में कोहरे के कारण शनिवार को भी जम्मू रेलवे स्टेशन पर 10 ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। सुबह श्रीनगर से जम्मू आने वाली एक उड़ान भी रद्द करनी पड़ी।

श्रीनगर-जम्मू हाईवे खुलने से कश्मीर के लिए रसद की आपूर्ति सहित अन्य वाहनों को रवाना कर दिया गया है। शनिवार को जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। जम्मू में कई दिनों बाद कोहरे से राहत मिली और दिन भर धूप रही। कश्मीर में साफ मौसम के बावजूद शीतलहर जारी है। घाटी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। 19 और 20 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

जम्मू संभाग के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री तक नीचे चल रहा है। जम्मू में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री गिरकर 16.8 और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में पिछले 24 घंटों में 46.4 और बटोत में 52.2 मिली मीटर बारिश हुई है। कटड़ा में 16.0 मिमी बारिश के साथ न्यूनतम पारा 5.8 और भद्रवाह में 26.8 मिमी बारिश के साथ दिन का तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में 21.0 मिली मीटर बारिश के साथ दिन का तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड में 50.9 मिमी, पहलगाम में 49.1, कुपवाड़ा में 10.4, कोकरनाग में 53.4 और गुलमर्ग में 30.2 मिलीमीटर बारिश हुई है।
 
विज्ञापन

गुरेज में हिमस्खलन, नुकसान नहीं, 12 जिलों में चेतावनी
बर्फबारी के बाद मौसम साफ होने से संवेदनशील इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ा है। गुरेज (बांदीपोरा) के जुरनियाल गांव में शनिवार को हिमस्खलन हुआ, लेकिन किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। बांदीपोरा सहित 12 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को बर्फबारी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में नहीं जाने की हिदायत दी है। राज्य आपका प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भारी हिमस्खलन की चेतावनी दी है। बांदीपोरा, बारामुला, डोडा, गांदरबल, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और रियासी जिले में भी हिमस्खलन हो सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें