गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश आईएसआईएस के किसी भी खतरे से निबटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। शनिवार को बीएसएफ के आयोजन के दौरान बातचीत में उन्होंने यह बात कही। आईएस की तरफ से जारी ताजा वीडियो में उन भारतीय युवाओं को बाबरी विध्वंस और गुजरात व मुजफ्फरनगर दंगों का बदला लेते दिखाया गया है जो एजेंसियों के रडार पर हैं।
गृहमंत्री ने देश को आश्वस्त किया है कि देश के मुसलमान आईएस को पूरी तरह से खारिज करते हैं। साथ ही राजनाथ ने 2008 में हुए मालेगांव धमाके की नेशनल इनवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की चार्जशीट में किसी भी पक्षपात की संभावना को सिरे से खारिज किया है। राजनाथ सिंह ने कहा है कि सरकार के तहत काम करने वाली सभी एजेंसियां बिल्कुल स्वतंत्र हैं। उनपर सरकार का कोई दखल नहीं है। एनआईए की चार्जशीट में मुख्य आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह पर ढीलाई बरतने के आरोपों को गलत बताते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि इस मामले में किसी तरह का राजनीतिक दखल नहीं दिया गया है।
इस सरकार के तहत काम कर रही सभी एजेंसियां पूरी तरह स्वायत्त हैं। वह अपने तथ्य के आधार पर कोर्इ भी फैसला लेती हैं। इस मामले में सरकार का कोई रोल नहीं है। गौरतलब है कि एनआईए ने प्रज्ञा ठाकुर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों को हटा लिया है। साथ ही मालेगांव मामले में प्रज्ञा के साथ कर्नल श्रीकांत पुरोहित से भी मकोका की धारा हटा ली गई है।