विस्तारा ने बयान जारी कर बताया है कि 'धमकी मिलने के बाद प्रोटोकॉल के तहत सभी संबंधित अथॉरिटीज को तुरंत इसकी सूचना दी गई। विमान सुरक्षित मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा। इसके बाद विमान को आइसोलेशन एरिया में ले जाया गया।'
घरेलू एयरलाइंस की फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला चौथे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को विस्तारा एयरलाइंस और इंडिगो की दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी इसी तरह निशाना बनाया गया और दोनों फ्लाइट्स में बम रखा होने की धमकी दी गई। इससे पहले बुधवार को इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा की सात उड़ानों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
विज्ञापन
गुरुवार को दो एयरलाइंस को मिली धमकी
सोमवार और मंगलवार को भी इसी तरह से भारतीय एयरलाइंस द्वारा संचालित लगभग एक दर्जन उड़ानों बम की धमकी मिली थी। विस्तारा एयरलाइन की फ्रैंकफर्ट-मुंबई फ्लाइट को बुधवार को बम की धमकी मिली। एयरलाइन के अनुसार, गुरुवार को 147 लोगों को लेकर जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से मुंबई आने वाली विस्तारा की एक उड़ान को फ्रैंकफर्ट से आते ही सुरक्षा जांच के लिए ले जाया गया, क्योंकि बोइंग 787 विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। ताजा मामला, तुर्किए के इस्तांबुल से मुंबई आने वाली इंडिगो की एक उड़ान को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी के बाद विमान को मुंबई पहुंचने पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक सुरक्षा जांच के लिए उसे यहां एक अलग एरिया में ले जाया गया।
विस्तारा की फ्रैंकफर्ट-मुंबई फ्लाइट को मिली धमकी
विस्तारा की फ्रैंकफर्ट-मुंबई फ्लाइट में बम होने की धमकी मिली, जिसके बाद फ्लाइट की मुंबई में आपात लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में 147 यात्री सवार थे। विस्तारा एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर बताया कि '16 अक्तूबर 2024 को उन्हें फ्लाइट संख्या यूके 028 में बम रखा होने की सूचना मिली। यह फ्लाइट जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से मुंबई के लिए संचालित होती है। फ्लाइट में बम होने की धमकी सोशल मीडिया के जरिए दी गई। प्रोटोकॉल के तहत सभी संबंधित अथॉरिटीज को तुरंत इसकी सूचना दी गई। विमान सुरक्षित मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा। इसके बाद विमान को आइसोलेशन एरिया में ले जाया गया, जहां सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।'
विज्ञापन
इंडिगो की इस्तांबुल-मुंबई फ्लाइट को बनाया गया निशाना
वहीं इंडिगो ने एक बयान में कहा, 'इस्तांबुल से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट 6E 18 को सुरक्षा संबंधी अलर्ट मिला। लैंडिंग के बाद विमान को अलग कर दिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतार लिया गया। एयरलाइन ने संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया गया।'
कई विमानों में बम रखा होने की मिल चुकी हैं फर्जी धमकियां
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये मंगलवार को 22 विमानों में बम रखा होने की धमकी दी गई। इसमें एयर इंडिया की दिल्ली से शिकागो जा रही फ्लाइट भी शामिल थी। धमकी मिलने के बाद इस फ्लाइट को कनाडा की ओर मोड़ दिया गया। जहां फ्लाइट की जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक सभी धमकियां फर्जी निकलीं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-बंगलूरू वाया अयोध्या फ्लाइट (IX765) में बम की धमकी दी गई। इस विमान को अयोध्या में उतारा गया और जांच की गई। इसके अलावा स्पाइसजेट के दरभंगा-मुंबई विमान (SG116) और अकासा के सिलीगुड़ी-बंगलूरू विमान (QP 1373) में भी बम होने की धमकी मिली। सूचना मिलने इन विमानों की आपात लैंड कराकर जांच की गई।