भ्रष्टाचार का आरोप लगने के बाद खुदकुशी करने वाले कन्नूर के एडीएम नवीन बाबू की अंतिम दर्शन के दौरान एक आईएएस अफसर रो पड़ीं। एडीएम नवीन बाबू के अंतिम दर्शन को पहुंचे मंत्री, नेता,और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच आईएएस अफसर ने भावुक माहौल में अपनी यादें साझा कीं। कन्नूर एडीएम नवीन बाबू ने अपने स्थानांतरण विदाई समारोह के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से भ्रष्टाचार का आरोप लगाए जाने के बाद खुदकुशी कर ली थी।
गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए सार्वजनिक तौर पर रखा गया। इस दौरान उनके गृह जिले पथानामथिट्टा की पूर्व जिला कलेक्टर दिव्या एस अय्यर की आंखें भर आईं। उन्होंने एडीएम नवीन बाबू के साथ किए गए काम के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि हमने एक परिवार की तरह साथ काम किया। मुझे उन पर लगाए गए आरोपों पर विश्वास नहीं है। वे हमेशा निस्वार्थ भाव से काम करते थे और एक सरल हृदय के इंसान थे।
उन्होंने अपने आंसू पोंछते हुए कहा कि यह सचमुच बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जब वह कसारागोद के डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नत हुए थे तो उन्होंने मुझे कॉल किया था। वह बहुत खुश थे। उन्होंने मेरे साथ एक फोटो खींची और चले गए। तब मैनें उन्हें आखिरी बार देखा था। सोचा नहीं था कि उनको ऐसे देखना होगा। यह बेहद असहनीय है। उन्होंने कभी किसी को दुखी नहीं किया।
एक और आईएएस अफसर और पथानामथिट्टा के पूर्व जिला कलेक्टर रहे पीबी नूह ने भी बाबू के साथ के अनुभव को साझा किया। सोशल मीडिया पर भावनात्मक पोस्ट में नूह ने कहा कि बाबू कोमल हृदय के इंसान थे और वह लोगों से बिना किसी अफसरशाही प्रतिबंध के मुलाकात करते और बेहतर काम करते थे। 2018 में आई बाढ़, सबरीमाला में महिलाओं के प्रवेश को लेकर हुए विवाद और कोरोना के दौरान उन्होंने बेहतर काम किया। हमेशा खुश रहने वाले इंसान का ऐसे जाना असहनीय है। उन्होंने कभी किसी के बारे में शिकायत नहीं की। हमेशा सबके साथ कदम से कदम मिलाकर काम किया। वो ऐसे चले जाएंगे सोचा नहीं था। इसके अलावा राजस्व मंत्री के राजन और स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने भी बाबू को श्रद्धांजलि दी।
उत्तर केरल जिले के कन्नूर जिला कलेक्टर समेत अपने सहयोगियों की तरफ से विदाई दिए जाने के एक दिन बाद अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) नवीन बाबू मंगलवार को पल्लीकुन्नू में अपने क्वार्टर में मृत पाए गए थे। पुलिस ने कहा था कि नवीन बाबू को अपने गृह जिले पथानामथिट्टा में एडीएम के रूप में कार्यभार संभालने के लिए लौटना था।
बताया गया कि विदाई समारोह में एडीएम नवीन बाबू पर जिला पंचायत अध्यक्ष पीपी दिव्या की तरफ से गलत काम करने का आरोप लगाया गया था। सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) से जुड़ी जिला पंचायत अध्यक्ष ने चेंगलई में एक पेट्रोल पंप की मंजूरी में कई महीनों तक देरी करने के लिए एडीएम की विदाई समारोह में आलोचना की थी। इसके बाद उन्होंने खुदकुशी कर ली थी।
गुरुवार सुबह एडीएम नवीन बाबू का पार्थिव शरीर मलयालापुझा स्थित उनके घर लाया गया। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचा, उनकी पत्नी, बेटियां और परिवार के अन्य सदस्य बाहर आ गए। वे पार्थिव शरीर के पास बैठकर फूट-फूट कर रोने लगे। वहीं एडीएम की खुदकुशी मामले में विपक्षी कांग्रेस और भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष दिव्या से इस्तीफा देने की मांग की। मामले में राजस्व मंत्री राजन ने कहा कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार की कोई शिकायत नहीं की। उनकी मौत को लेकर जांच कराई जाएगी।