भारतीय जनता पार्टी की सासंद प्रज्ञा ठाकुर का एक और वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे एक शादी में डांस करती नजर आ रही हैं। वैसे प्रज्ञा ठाकुर अक्सर व्हीलचेयर पर नजर आती हैं। खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर ही उन्होंने मालेगांव विस्फोट मामले में कोर्ट में पेश होने से छूट मांगी थी। कांग्रेस नेता नरेंद्र सलूजा ने वीडियो को जारी करते हुए उन पर तंज कसा है। इससे पहले एक वायरल वीडियो में प्रज्ञा ठाकुर बास्केटबॉल खेलती नजर आई थीं।
इससे पहले 1 जुलाई को प्रज्ञा ठाकुर के बास्केटबॉल खेलने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसे सलूजा ने ही ट्वीट किया था। प्रज्ञा ठाकुर 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट के मामले में आरोपी हैं। जिसमें एक मस्जिद के पास मोटरसाईकिल में विस्फोट हुआ था। जिसमें 6 लोग मारे गए और 100 लोग घायल हो गए थे। इस मामले में वे नौ साल जेल में रहीं और अभी जमानत पर बाहर हैं। वे अक्सर विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहती हैं।