कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार राहुल गांधी से डरती है, इसलिए उनकी निगरानी कर रही है। वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है और चुनाव में धांधली कर सत्ता में आई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
महाराष्ट्र में छठ पूजा को लेकर सियासत तेज हो गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई पोस्ट पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी पूजा या धार्मिक भावनाओं का विरोध करने का कोई कारण नहीं है। इसके साथ ही फोन टैपिंग के मामले में सरकार पर निशाना साधा।
विज्ञापन
विजय वडेट्टीवार ने क्या कहा?
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'किसी भी तरह की पूजा-पद्धति या धार्मिक भावनाओं का विरोध करने का कोई कारण नहीं है। इस देश में हर किसी को अपने धर्म का पालन करने, अपनी परंपराओं और संस्कृति को मानने, और अपनी विचारधारा रखने की आजादी है। अगर कोई ऐसी बात कही या की जाती है जो राष्ट्र के खिलाफ हो, तो निश्चित रूप से उसका विरोध किया जाना चाहिए। लेकिन, किसी की धार्मिक भावनाओं के आधार पर उसका विरोध करना, मेरी नजर में सही नहीं है। जहां तक मनसे की बात है। उनकी भावनाएं या उनका रुख चाहे जो भी हो। इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है। हमारा मानना है कि कोई भी त्योहार सबके लिए समावेशी और समान होना चाहिए।'
राहुल गांधी के फोन-टैपिंग पर क्या कहा?
वहीं, उन्होंने राहुल गांधी के फोन-टैपिंग के आरोपों पर कहा, 'यह एक ऐसी सरकार है जो लगातार झूठ बोल सकती है। देश की जनता को गुमराह कर सकती है। वे वोट चुराकर भी सत्ता हथिया सकते हैं। एक आरटीआई जांच से पता चला है कि 51 संसदीय क्षेत्रों में, गिने गए वोटों की संख्या असल में डाले गए वोटों से कहीं ज्यादा थी। इन सभी 51 सीटों पर भाजपा जीती। वे राहुल गांधी से डरे हुए हैं, जो जनता के एक सच्चे नेता के रूप में उभरे हैं।'
विज्ञापन
उन्होंने आगे कहा, 'देश के 140 करोड़ नागरिकों के लिए उम्मीद की एक किरण हैं। इसी डर की वजह से वे उनका फोन टैप कर रहे हैं। इस उम्मीद में कि उन्हें कोई फायदा मिल सके। उनकी योजनाओं का पता चल सके और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। यह कोई नई बात नहीं है। यह लंबे समय से उनकी नीति रही है। एक ऐसी रणनीति जो ब्रिटिश औपनिवेशिक दौर से चली आ रही है।'