उद्योगपति विजय माल्या ने कहा कि मीडिया उनका पीछा कर रहा है, लेकिन अफसोस कि वे उनकी सही जगह तलाश नहीं कर रहे हैं।
माल्या ने रविवार को ट्वीट किया, "यूके में मीडिया मेरा पीछा कर रहा है। लेकिन अफसोस है कि वे सही जगह तलाश नहीं कर रहे हैं। मैं मीडिया से बात नहीं करूंगा, इसलिए अपनी मेहनत बेकार मत करो।"
अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने 9 मार्च को सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि माल्या 2 मार्च को ही देश छोड़ चुके हैं। बैंकों ने माल्या का पासपोर्ट जब्त करने संबंधी याचिका सुप्रीम कोर्ट में दी थी।
भारतीय स्टेट बैंक के नेतृत्व वाले कंसोर्शियम ने 9000 करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज नहीं चुका पाने के मामले में माल्या के खिलाफ कोर्ट और ट्रिब्यूनल में अपील की है।