महाराष्ट्र के नागपुर में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 25 साल के शख्स की मौत अपनी प्रेमिका के साथ संबंध बनाते समय हो गई। गौरतलब है कि ये घटना रविवार को नागपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित सौनेर के एक होटल में हुई। कथित तौर पर युवक की मौत का कारण वियाग्रा ओवरडोज बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अन्य एंगल से भी घटना की तफ्तीश कर रही है।
ये है पूरा मामला
पुलिस ने इस मामले में बताया है कि मृतक का नाम अजय पारटेकी है, वह अपनी महिला मित्र के साथ रविवार की शाम को सौनेर के एक होटल में गया था। जहां महिला मित्र के साथ संबंध बनाते समय वह अचानक गिर गया और बेहोश हो गया। युवक के अचानक से बेहोश हो जाने के बाद उसकी महिला मित्र ने उसके एक अन्य मित्र के साथ ही फोन करके जानकारी दी।
जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो अजय के शऱीर पर चोट या हमले के कोई निशान नहीं मिले हैं। इस दौरान पुलिस को उसकी जेब से वियाग्रा की टैबलेट मिली हैं। पुलिस का इस मामले में कहना है कि प्रथम दृष्टया संदेह है कि अजय की मौत वियाग्रा के ओवरडोज की वजह से हो सकती है, इसके बावजूद पुलिस अन्य एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
ओवरडोज का ये पहला मामला नहीं
गौरतलब है कि वियाग्रा के ओवरडोज का ये पहला मामला नहीं है, हाल ही में ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी सामने आया था। जहां वियाग्रा के ओवरडोज के कारण एक युवक की ऐसी स्थिति हो गई थी कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया था।
विशेषज्ञों ने बताए साइड इफेक्ट
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तेजना पैदा करने के लिए ली जाने वाली वियाग्रा ब्लड फ्लो को बढाती है, ऐसे में कई बार इसका ओवरडोज खतरनाक हो जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसके कारण हार्ट अटैक की संभावना भी बढ़ जाती है।
इतना ही नहीं रोज इसका सेवन करने वाले लोगों की आंखों की रोशनी तक जा सकती है। अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने इसके कुछ साइड इफेक्ट भी बताए हैं। इनमें आंखों की रोशनी जाना, पीठ में दर्द, उल्टी होना, त्वचा पर चकत्ते पड़ना, बेहोश होना और हार्ट अटैक होना शामिल है।