जिन लोगों ने कोविशील्ड टीके की पहली खुराक ले ली है और अब दो खुराक के बीच समय अंतराल बढ़ने से वह चिंतित हैं तो ऐसे लोगों को दूसरी खुराक उसी वक्त पर मिलेगी जिसका अपॉइंटमेंट बुक कर रखा है।
कोविशील्ड की दूसरी खुराक लेने के लिए नहीं निरस्त होगा स्लॉट
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दूसरी खुराक के लिए पहले से बुक अपॉइंटमेंट निरस्त नहीं होगा। कोविशील्ड की दो डोज के बीच का जो अंतर बढ़ाया गया है, उससे जुड़ा बदलाव अब कोविन पोर्टल पर भी देखने को मिलेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि जिनको भी कोविशील्ड की दूसरी खुराक लेनी है, वह नए अंतराल के हिसाब से ही अपॉइंटमेंट बुक करें। कोविशील्ड की दो डोज के बीच अंतर पहले 6-8 हफ्ते का था।
भारत में अब इसे बढ़ाकर 12-16 सप्ताह कर दिया गया है। कोविन साइट पर अब अगर आप देखेंगे तो वहां लिखा है कि कोवाक्सिन की दूसरी खुराक, पहली के 28 से 42 दिनों के बाद ली जा सकती है। वहीं, कोविशील्ड की पहली और दूसरी खुराक में 84 से 112 दिनों का अंतर होना चाहिए।
मंत्रालय ने साफ तौर पर कहा है कि कोविन वेबसाइट पर नए बदलाव कर दिए हैं, इसलिए अब नए अपॉइंटमेंट 84 दिन के अंतराल पर होंगे। मंत्रालय ने राज्यों को आदेश दिया है कि फील्ड लेवल पर सभी कर्मचारियों की इसकी जानकारी होनी चाहिए ताकि टीका लेने पहुंचे लाभार्थी को गलत जानकारी के अभाव में वापस न भेज दिया जाए।