कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बाद मणिशंकर अय्यर ने भी पहलगाम आतंकी पर पाकिस्तान को क्लीन चिट दी है। अय्यर ने कहा कि भारत ही है जो छाती पीट-पीटकर कह रहा है कि पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है, लेकिन दुनिया हमारी बात मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र ने भी इसके लिए पाकिस्तान को दोषी नहीं माना है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अय्यर ने अपनी पार्टी के सांसद शशि थरूर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के जवाब में शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर पर देश का पक्ष रखने के लिए भारत सरकार ने 33 देशों में अपना प्रतिनिधिमंडल भेजा। थरूर के नेतृत्व में भी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका समेत कई देशों में गया। लेकिन 33 में से किसी भी देश ने यह नहीं कहा कि हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ था। अय्यर ने कहा, हम ही हैं जो कह रहे हैं कि आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है। लेकिन हमारी बातों पर कोई यकीन नहीं कर रहा है। अय्यर से पहले चिदंबरम ने भी पहलगाम हमले में पाकिस्तान के हाथ होने पर सवाल उठाया था और कहा था कि इसका कोई सबूत नहीं है कि आतंकी सीमा पार से आए थे।
हालांकि, यहां बताना जरूरी है कि दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया, जिसने सबसे पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया था, शशि थरूर की कड़ी फटकार के बाद अपने कदम पीछे खींच लिए थे। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने सैलानियों पर हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।
अय्यर के बयान से कांग्रेस का किनारा
कांग्रेस ने अय्यर के विवादास्पद बयान से खुद को अलग करते हुए कहा है कि उन्हें गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, इन बयानों पर ध्यान न दें। ये देश को गुमराह करते हैं। वह कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं।
प्रियंका चतुर्वेदी ने अय्यर की आलोचना की
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने मणिशंकर अय्यर की आलोचना की है। उन्होंने का कि अय्यर को भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना करनी चाहिए और समझना चाहिए कि कथनी की तुलना में करनी अधिक प्रभावशाली होती है। उन्होंने कहा कि हमें अय्यर के पिछले इतिहास को नहीं भूलना चाहिए। वह पाकिस्तान के साथ बेहतर संबंधों के लिए एक मुखर आवाज थे। उन्होंने कई बार पाकिस्तान का दौरा किया है। उन्होंने अमन की आशा के बारे में ऐसे समय में बात की जब 26 लोग अपनी जान गंवा चुके थे, पर्यटन ने जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया और जब हमारे यहां ऑपरेशन सिंदूर चल रहा था।
रिजिजू का अय्यर पर तंज
केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक विभाग के मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर पर उनके एक बयान को लेकर तंज कसा। सोशल मीडिया पोस्ट में रिजिजू ने कहा, एक पाकिस्तानी राजनेता ने क्यों कहा, हमारे लोग भारत की संसद में बैठे हैं? इसके साथ ही उन्होंने अय्यर के बयान वाला वीडियो साझा किया। इसके बाद आगे कहा, संसद के अंदर भी है और संसद के बाहर भी है।
पी चिदंबरम ने भी उठाया था मुद्दा
इससे पहले राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा था कि दुनिया ने आतंकवाद की निंदा की, लेकिन किसी ने पाकिस्तान का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पूरी दुनिया ने आतंकवाद की निंदा की और भारत के पीड़ितों के प्रति सहानुभूति जताई, लेकिन किसी भी देश ने पाकिस्तान का नाम लेकर उसकी आलोचना नहीं की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा है, लेकिन भारत में हुए कई हमलों में घरेलू आतंकी भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि कई बार पाकिस्तान से भेजे गए आतंकवादी और देश के अंदर पनपे आतंकी एक साथ काम करते हैं।
वहीं लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कहा था कि सरकार ने यह नहीं बताया कि पहलगाम के बाद एक भी देश ने पाकिस्तान की निंदा नहीं की है। सभी ने आतंकवाद की निंदा की है। इससे साफ है कि सभी देश हमें पाकिस्तान के समकक्ष रखा है। विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री कहते हैं कि हमने पाकिस्तान को रोका है, लेकिन पाकिस्तान का जनरल मुनीर अमेरिका में लंच कर रहा है। इस पर प्रधानमंत्री ने कुछ भी नहीं कहा।