कोई भी फर्जी कॉल सेंटर खोलने का मतलब है 'सस्ते में ज्यादा का मुनाफा'। इसके लिए किराये पर एक अपार्टमेंट, कुछ कंप्यूटर और कुछ भरोसेमंद लोगों की जरूरत होती है जो इस फर्जी काम को बस अपने तक सीमित रख सकें। कुछ दिनों पहले पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए एक कॉल सेंटर संचालक ने बताया कि किसी भी कॉल सेंटर के संचालन में 2 लाख रुपये से भी कम खर्च आता है और लोगों को बेवकूफ बनाकर इससे कम से कम हर महीने दस लाख रुपये का मुनाफा कमाया जा सकता है।
5 भारतीय कॉल सेंटरों ने अमेरिकियों को लगाया 20 हजार करोड़ का चूना
अमेरिका के होमलैंड सुरक्षा विभाग के आंकड़ों की मानें तो 2016 में पांच ऐसे भारतीय कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ हुआ था, जिसने हजारों अमेरिकियों से 20 हजार करोड़ से अधिक रुपये ठग लिए थे। कर प्रशासन के खजाना महानिरीक्षक (टीआईजीटीए) के इंस्पेक्टर जनरल रसेल जॉर्ज ने बताया था कि टीआईजीटीए के पास 18 लाख से अधिक लोगों ने फर्जी कॉल की शिकायत दर्ज कराई थी। इनमें से 9,600 से अधिक लोगों ने शिकायत की थी कि उन्होंने तीन हजार करोड़ से अधिक की राशि ठगों को दे दी।
इसी साल फरवरी महीने में पुणे में एक कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया था, जो टैक्स स्कीम के नाम पर कई अमेरिकियों को अपनी ठगी का शिकार बना चुका था। यह कॉल सेंटर करीब 11,000 अमेरिकी नागरिकों को टारगेट कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही इसका भंडाफोड़ हो गया।