ऐसा माना जा रहा है कि ईरान के विदेश मंत्री हुसैन आमिर अब्दुल्लाहियान ने अगले महीने प्रस्तावित अपनी भारत यात्रा रद्द कर दी है। अब्दुल्लाहियान अगले महीने तीन और चार मार्च को आयोजित होने वाली रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने के लिए भारत आने वाले थे।
सूत्रों के अनुसार, वह भारत यात्रा पर नहीं आ रहे हैं क्योंकि ईरानी पक्ष को लगता है कि इस वीडियो क्लिप में उनके देश को गलत तरीके से दिखाया गया है। यह वीडियो एक मिनट और 50 सेकंड का है जिसमें यूक्रेन-रूस युद्ध, दक्षिण चीन सागर में चीन के आक्रामक तेवर और ईरान में महिलाओं के विरोध सहित प्रमुख वैश्विक चुनौतियों को शामिल किया गया है।
ईरानी दूतावास जता चुका है आपत्ति
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरानी दूतावास ने ईरान के राष्ट्रपति को प्रदर्शनकारी महिलाओं के साथ दिखाए जाने पर आपत्ति जताई थी और ओआरएफ और विदेश मंत्रालय से वीडियो से इस विशेष दृश्य को हटाने का अनुरोध किया था। हालांकि, इसका कोई निष्कर्ष नहीं निकला, जिसके बाद ईरान सरकार नाराज बताई जा रही है।
महसा अमिनी की मौत के बाद ईरान में हो रहे प्रदर्शन
पिछले साल 13 सितंबर को तेहरान में नैतिकता पुलिस द्वारा एक युवती को देश के मानदंडों का कथित रूप से उल्लंघन करने के लिए (जिसमें महिलाओं को हिजाब पहनना जरूरी है) गिरफ्तार किए जाने के बाद ईरान में व्यापक विरोध देखा गया था। 22 साल की महसा अमिनी की कथित तौर पर ईरानी पुलिस की हिरासत के बाद हुई मौत को लेकर पिछले साल सितंबर से ही पूरे ईरान में विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। भारी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतरीं और बुर्का के खिलाफ प्रदर्शन किया।