किसी भी जांच के लिए तैयार हैं सोनिया
- फोटो : Getty
राज्यसभा में बुधवार को यूपीए सरकार के दौरान इटली की अगस्ता वेस्टलैंड और फिन मैकेनिका कंपनियों के साथ हुए वीवीआईपी हेलीकॉप्टर डील और घोटाले का मुद्दा गर्माया रहा। इस दौरान घोटाले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम लेने से नाराज कांग्रेसी सांसदों ने वेल में आकर प्रदर्शन किया जिसकी वजह से कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।
राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान सबसे पहले गुलाम नबी आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली के प्रधानमंत्री की मुलाकात का जिक्र करते हुए किसी सौदे का आरोप लगाया जिसको सरकार ने गलत आरोप बताते हुए खारिज कर दिया। इसके बाद सुब्रमण्यम स्वामी ने अगस्ता डील में सोनिया गांधी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया जिस पर कांग्रेस सांसद नाराज हो गए और हंगामा किया।
इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच खुद सोनिया गांधी ने सफाई देते हुए कहा, 'जिसको मेरा नाम लेना है लेने दीजिए। मेरे पास छिपाने को कुछ भी नहीं है। जो भी मामला था वो साफ होना चाहिए। मैं ऐसे आरोपों से घबराती नहीं हूं।'
इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में बताया कि उन पर लगे सभी आरोप गलत हैं और कांग्रेस इसकी जांच के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि किसी भी कांग्रेसी नेता ने पैसा नहीं खाया।