राज्यसभा में भाजपा के स्थिति कमजोर है
- फोटो : PTI
अगस्टा वेस्टलैंड डील में हुई धांधली को लेकर सदन के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। एक तरफ सरकार ने अगस्ता डील में कांग्रेस के नेताओं के ऊपर घूस लेने के आरोप लगाया तो दूसरी ओर कांग्रेस ने कंपनी को ब्लैक लिस्ट से हटाए जाने का मुद्दा उठाया। इस बीच राज्यसभा में सुब्रमण्यम स्वामी ने भी इस मुद्दे पर सदम में चर्चा का प्रस्ताव रखा। हालांकि, इस मुद्दे पर चर्चा होगी या नहीं इसका फैसला राज्यसभा अध्यक्ष करेंगे।
वहीं दूसरी ओर यह मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है। कोर्ट में एक वकील ने मीडिया में आई खबरों और इटली की अदालत के फैसले को आधार बनाकर कोर्ट में याचिका दायर कर मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। इटली के कोर्ट के फैसले में कांग्रेस के कई मंत्रियों का भी जिक्र किया गया है। इस याचिका में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और अहमद पटेल को आरोपी बनाने की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर अगले हफ्ते सुनवाई करेगा।
गौरतलब है कि बुधवार को भी सुब्रमण्यम स्वामी ने अगस्ता डील में सोनिया गांधी का नाम लेते हुए उन्हें 'प्रेरक ताकत' करार दिया था। इसके अलावा उन्होंने सोनिया गांधी पर यह भी आरोप लगाया था कि डील में हुए मुनाफे को सोनिया ने अपने विदेशी बैंकों के अकाउंट में जमा कराया है। इन आरोपों के बीच सोनिया गांधी ने इन सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह इन सब से डरने वाली नहीं हैं और किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।