महाराष्ट्र: तेज रफ्तार ट्रक और कार की भिडंत, दो की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना अमरावती रोड पर कोंधली के पास खुरसापार में सुबह नौ बजे हुई। चार लोग एक कार में औरंगाबाद से मध्य प्रदेश के बालाघाट लौट रहे थे, रखरखाव कार्य जारी होने के कारण एक ट्रक ने विपरीत दिशा से वाहन को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया, पुणे निवासी आदित्य माने (32 वर्षीय) और बालाघाट निवासी बिसेन मराठे (22 वर्षीय) की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य दो लोग संतलाल पंचेश्वर (25 वर्षीय) और रितु पंचेश्वर (32 वर्षीय) घायल हो गए और उन्हें स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक पर मौत के साथ-साथ लापरवाही से गाड़ी चलाने और अन्य अपराधों के मामले दर्ज किए गए हैं। वह मौके से फरार हो गया और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
गुवाहाटी: आठ करोड़ की कीमत की हेरोइन जब्त, तीन गिरफ्तार
गुवाहाटी पुलिस ने सोमवार को बताया कि आठ करोड़ रुपये की कीमत की हेरोइन जब्त की गई और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर रविवार रात बसीष्ठा थाना क्षेत्र के नालापारा में दो वाहनों को रोका गया और मादक पदार्थ जब्त किया गया। दोनों वाहनों में साबुन के डिब्बों में करीब 1.056 किलोग्राम हेरोइन ले जाई जा रही थी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब आठ करोड़ रुपये है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अब्दुल रसीद, मुज्जमिल हक और जमाल अली के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गय है और आगे की जांच जारी है।