लोकसभा चुनावों के परिणामों से उत्साहित सपा ने अभी से विधानसभा का रोड मैप तैयार करना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में सपा मुखिया अखिलेश यादव के आदेश पर एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। सपा लोहिया वाहिनी के सदस्य अतहर आलम बताते हैं कि इस अभियान में सभी विंग के सदस्यों को एक टास्क देकर मैदान में उतारा गया। अगस्त के दूसरे सप्ताह से शुरू हुआ घर-घर जाने का यह 'मिशन यूथ ग्राउंड' बनाया गया। इसमें पार्टी ने पीडीए फॉर्मूले के साथ सपा सरकार के दौरान शुरू की गई योजनाओं को आगे ले जाना है। इसके अलावा युवाओं को जोड़ने के लिए भी सपा ने इस मेगा अभियान को आगे बढ़ाया है।
सपा ने इसके लिए युवजन सभा, छात्र सभा, लोहिया वाहिनी, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड समेत बाबा साहेब वाहिनी को इस अभियान को आगे बढ़ाने का टास्क दिया गया था। सपा यूथ ब्रिगेड के संजय यादव कहते हैं कि पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के आदेश के बाद ही उनके सभी सदस्य ग्राउंड पर लगातार बने हुए हैं। ताकि पार्टी की रणनीति के तहत काम करके आगे की सियासी जमीन को मजबूत किया जा सके। पार्टी की योजना के मुताबिक जो खामियां पिछले विधानसभा के चुनाव में रह गई थीं, उनको इस बार हर हाल में दूर किया जाना है। इसीलिए शुरुआती चरण में एक महीने का यह अभियान चलाया गया है, जिसको जल्द ही आगे भी बढ़ाया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी कहते हैं कि उनकी पार्टी इस बार विधानसभा के चुनावों में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली है। इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर सभी नेताओं कों जिम्मेदारियां देकर मैदान में उतारा गया है, ताकि आने वाले चुनावों में सपा और अच्छा प्रदर्शन कर सके। पार्टी से जुड़े नेताओं का कहना है कि अगले कुछ महीनों में पार्टी पीडीए को मजबूत करते हुए कई और कार्यक्रम शुरू करने वाली है, ताकि वह न सिर्फ इन लोगों तक पहुंच सके। बल्कि इस समाज से ताल्लुक रखने वाले युवाओं को भी अपने साथ जोड़ा जा सके।