अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय लोकदल ने भी चुनावी बिगुल फूंक दिया है। अकोला के चाहरवाटी इंटर कॉलेज में जनसभा में मुखिया चौधरी अजित सिंह ने इस चुनाव को काफी महत्वपूर्ण बताया। कहा कि 2017 का चुनाव जहां पिछले 15 साल के दौरान प्रदेश में भ्रष्टाचार करने वाली सरकारों को सबक सिखाएगा, वहीं मोदी सरकार का भी भविष्य तय करेगा।
इस दौरान रालोद मुखिया भाजपा और सपा पर जमकर बरसे। हालांकि बसपा के प्रति उनका रुख थोड़ा नर्म रहा। अजित सिंह ने कहा, वर्तमान केंद्र सरकार गरीब, किसान, दलित और पिछड़ों की विरोधी है। भाजपा के झांसे में न आने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का और छह साल में किसानों की आय दोगुनी करने का झांसा दिया।
मगर, ढाई साल बाद भी ऐसा कुछ नहीं हुआ। उल्टा बेरोजागारी और महंगाई का ग्राफ बढ़ा है। अच्छे दिन सिर्फ मोदी के आए हैं और किसी के नहीं। जनता अपने पुराने दिन ही वापस मांग रही है।