प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि महिलाओं की इज्जत करना हमारी संस्कृति में है। भाजपा नेता ने मायावती पर जो अभद्र टिप्पणी की है। वह गलत है। भाजपा और बसपा के बीच भाई-बहन का रिश्ता है।
भाजपा प्रदेश का माहौल खराब कर रही है। पहले मथुरा और बाद में कैराना इसका उदाहरण है। सपा ने सिर्फ विकास कराया है। तीन वर्ष में ही सभी वायदे पूरे कर दिए हैं। 2017 के चुनाव में भी सपा एकबार फिर पूरे बहुमत के साथ आएगी।
गुरुवार को मंत्री शिवपाल कस्बा करहल में स्वर्गीय बाबूराम यादव की आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेने आए थे। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए मंत्री शिवपाल ने कहा कि प्रदेश में बसपा और भाजपा का कोई जनाधार नहीं है। भाजपा की नमामि गंगे और झाड़ू उठाना चर्चा में रहने के फंडे है। अभी तक बनारस में भी सफाई नहीं हुई है। अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए भाजपा प्रदेश का माहौल खराब कर रही है।