भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए हर सीट पर अपना मैनेजर बैठाने का फैसला किया है। इसी महीने ट्रेनिंग देने के बाद अक्तूबर से इनकी तैनाती कर दी जाएगी। चुनाव का पूरा प्रबंधन इनके हाथ में होगा। एक खामोश सिपहसलार के रूप में यह लोग काम करेंगे। इनका सीधा संपर्क पार्टी हाईकमान के साथ रहेगा। हर सप्ताह इन्हें अपनी रिपोर्ट भी देनी होगी।
भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत प्लानिंग कर रही है। हर बूथ पर कुशल प्रबंधन और हर शख्स का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने को भाजपाई फौज मैदान में उतर गई है। एक-एक बूथ का रिकार्ड तैयार किया जा रहा है। जिन 400 नेताओं की सूची तैयार कराई गई है उनकी ट्रेनिंग 25 सितंबर से शुरू होगी।
ट्रेनिंग के दौरान चुनाव प्रबंधन के तो टिप्स दिए ही जाएंगे, किस तरह से मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सकता है, इसके भी टिप्स यह लोग लेंगे। केंद्र सरकार द्वारा संचालित होने वाली सभी योजनाएं इन्हें जुबानी याद कराई जाएंगी। ताकि फील्ड में जाकर लोगों के समक्ष बैठकर उनका प्रचार प्रसार कराया जा सके।