भारत और अमेरिका के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल, यूनाइटेड एयरलाइंस ने रविवार (25 अप्रैल) से दिल्ली के लिए फिर से उड़ानों को शुरू करने का फैसला किया है। इस बात की घोषणा शनिवार (24 अप्रैल) की सुबह की गई। बता दें, दिल्ली एयरपोर्ट पर बीते शुक्रवार (23 अप्रैल) को जब यूनाइटेड एयरलाइंस के स्टाफ को कोरोना आरटी-पीसीआर टेस्ट करने को कहा गया तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। इतनी ही नहीं, वे बिना यात्रियों के ही अपने विमान को लेकर वापस न्यूर्याक सिटी चले गए। इसके कुछ ही समय बाद यूनाइटेड एयरलाइंस ने अगली सूचना तक दिल्ली की सभी उड़ानें रद्द कर दी थीं।
यूनाइटेड एयरलाइंस की तरफ से जारी किया गया बयान
इसके बाद यूनाइटेड एयरलाइंस की तरफ से एक बयान जारी कर कहा गया, 'हम भारत द्वारा कोविड-19 यात्रा नियमों पर स्पष्टता चाहते हैं। इसलिए हमने अपनी सेवा अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया है। हम अपने ग्राहकों को वैकल्पिक विकल्प प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं और जल्द से जल्द हमारी निर्धारित सेवा को फिर से शुरू करने की योजना बना रहे हैं।'
यूनाइटेड एकमात्र अमेरिकी एयरलाइन है जो वर्तमान में भारत के लिए दिल्ली और नेवार्क, सैन फ्रांसिस्को और शिकागो के बीच लगातार उड़ान भरती है। इसके अलावा एयर इंडिया एकमात्र ऐसी एयरलाइन है जो यूएस के न्यूयॉर्क जेएफके, नेवार्क, शिकागो, सैन फ्रांसिस्को और वाशिंगटन जैसी जगहों के लिए सीधी उड़ानें चलाती है।
यात्रियों को भेजा मैसेज
गौरतलब है कि दिल्ली एयरपोर्ट से खाली विमान वापस ले जाने पर यूनाइटेड एयरलाइंस ने आधिकारिक रूप से कोई कारण नहीं बताया। यूनाइटेड एयरलाइंस द्वारा फ्लाइट कैंसिल होने पर यात्रियों को भेजे गए मैसेज में लिखा था, 'दिल्ली से अप्रैल 23 को आपकी यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट रद्द कर दी गई है क्योंकि भारत के अधिकारियों के साथ चल रही कोविड-19 यात्रा के नियमों पर बात करने की आवश्यकता है। हम इस मुद्दे को हल करने के लिए काम कर रहे हैं और उम्मीद है कि इसे जल्दी सुलझा लिया जाएगा।'
आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए राजी नहीं था यूनाइटेड एयरलाइंस का स्टाफ
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र की सरकार ने विदेशी फ्लाइटों के लिए नया नियम जारी किया था, जिसके तहत एयरलाइंस के उन सभी स्टाफ को आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना होगा, जो एयरपोर्ट से बाहर निकलेंगे या एयरपोर्ट पर कुछ वक्त रुकने वाले हैं।
हालांकि जो फ्लाइट्स फौरन रवाना होने वाली होती हैं उनके स्टाफ को टेस्ट करवाने से छूट दी गई है लेकिन यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट जो खाली न्यूर्याक लौट गई, वह बाद में रवाना होने वाली थी। इसका मतलब यह हुआ कि चालक दल और स्टाफ को विमान से उतरना होता और हवाई अड्डे से बाहर निकलना था। ऐसे में उन्हें टेस्ट करवाना होता, जिसके लिए वे तैयार नहीं थे।