केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा की सरकार बनाने को लेकर बयान दिया है। रामदास अठावले ने कहा है कि मैंने संजय राउत जी से समझौते के बारे में बातचीत की है। मैंने उन्हें तीन साल (भाजपा से सीएम) और दो साल (शिवसेना से सीएम) का फॉर्मूला सुझाया, जिस पर उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सहमत होती है तो शिवसेना इस बारे में सोच सकती है। मैं भाजपा के साथ इस पर चर्चा करूंगा।
इस से पहले भी रामदास अठावले ने रविवार संकेत दिए थे कि भाजपा, महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ अपने रिश्तों को फिर से पटरी पर लौटाएगी और साथ ही राज्य में दोनों पार्टियां मिलकर सरकार का गठन करेंगी। रामदास अठावले ने अमित शाह से हुई अपनी बातचीत का जिक्र किया।
अठावले ने कहा कि अमित शाह ने उनसे कहा है कि महाराष्ट्र में जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। रामदास अठावले ने कहा था कि मैंने महाराष्ट्र के राजनीतिक संकट पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बात की थी और उनसे कहा था कि अगर वह हस्तक्षेप करेंगे तो राज्य में कोई बीच का रास्ता जरूर निकल सकेगा।
उन्होंने कहा, तब अमित शाह ने मुझसे कहा कि आप फिक्र मत करिए, जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। भाजपा और शिवसेना एक साथ आकर महाराष्ट्र में सरकार बनाएंगे।