वायनाड लोकसभा सीट को लेकर राजनीति गर्मा गई है। यहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी, भाजपा नेता कें सुरेंद्रन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की नेता एनी राजा के बीच चुनावी जंग है। इस बीच, कल राहुल गांधी ने यहां रोड शो किया था, जो अब उन पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। इसे लेकर भाजपा लगातार हमलावर हो रही है। अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल अपनी सहयोगी आईयूएमएल के लिए 'शर्मिंदा' हैं।
यह है मामला
वायनाड लोकसभा सीट पर हमेशा ही सबकी निगाह होती है। इस बार कांग्रेस पार्टी पर सवाल इसलिए खड़े हो गए हैं क्योंकि साल 2019 में जब इस निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो हुआ था तब आईयूएमएल के झंडे कांग्रेस से ज्यादा दिखाई दे रहे थे। जबकि इस बार न तो कांग्रेस और न ही आईयूएमएल के झंडे दिखाई दिए।
अगर शर्म आ रही तो समर्थन ठुकरा दें
केरल भाजपा प्रमुख और वायनाड से उम्मीदवार के. सुरेंद्रन ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए आज अपना नामांकन दाखिल किया। के सुरेंद्रन के नामांकन से पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सुरेंद्रन के समर्थन में वायनाड में रोड शो भी किया। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर वह इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को लेकर शर्म महसूस करते हैं तो उन्हें उसका समर्थन ठुकरा देना चाहिए।
संविधान की शपथ का भी उल्लंघन किया
अमेठी लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को हराने वाले केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री ने इस पर भी हैरानी जताई कि उन्होंने (राहुल गांधी) कथित तौर पर प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की राजनीतिक शाखा सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) का समर्थन स्वीकार कर लिया था। उन्होंने कहा कि उसका समर्थन स्वीकार करके राहुल ने नामांकन दाखिल करने के दौरान ली गई संविधान की शपथ का भी उल्लंघन किया है।
उन्होंने यह भी सवाल किया कि इंडिया ब्लॉक की तरफ से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन है और क्या राहुल उस पद के लिए उन लोगों की पसंद हैं।
इसकी मंशा लूटने की
उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा गठबंधन है, जिसमें न कोई नेता है और न ही कोई नीति है। इसकी मंशा लूटने की है, जिससे आम जनता अवगत है। स्मृति ईरानी ने यह भी दावा किया कि वायनाड लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस और वाम दलों के बीच ही मुकाबला है, जो इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। इससे पूरा विपक्षी गठबंधन बिखर गया है।