केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कहना है कि शिक्षण संस्थाओं में हिजाब पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है। शाह ने कहा, हमारे लिए यह चुनावी मुद्दा नहीं है। शिक्षण संस्था का अपना अनुशासन होता है। मेरी निजी राय है कि विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज में यूनिफॉर्म पहननी चाहिए, इसमें विवाद कैसा और क्यों है?
दावा: उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा की जीत निश्चित
उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा की जीत के प्रति आश्वस्त अमित शाह ने चुनावी व्यस्तताओं के बीच अमर उजाला से बातचीत की। उन्होंने दावा किया कि तीन चरणों के मतदान ने जाति-मजहब की राजनीति करने वाले परिवारवादियों को आईना दिखा दिया है। शाह ने कहा, मोदी सरकार की नीतियों के कारण गरीबों का जातियों में अलग स्वतंत्र अस्तित्व बना है। इसलिए वह किसी के कहने पर नहीं, अपने मन से वोट करता है, और वह भाजपा को वोट कर रहा है।
गरीबों के वोटों के मालिक बनने वालों की खिसक गई जमीन
- शाह ने कहा, गरीबों के वोटों के मालिक बनकर घूमने वाले ठेकेदार इस बार मुंह की खाएंगे। उनको जमीन खिसक गई है।
- मीडिया व राजनीतिक पंडितों के जाति के आधार पर चुनाव विश्लेषण भी अब नहीं होंगे।
किसानों की समस्याओं पर पीएम संवेदनशील
किसानों के मुद्दों और आंदोलन का चुनाव पर असर खारिज करते हुए शाह कहते हैं, भाजपा की प्राथमिकता में किसान हमेशा से रहे हैं, उनको समस्याओं के प्रति खुद प्रधानमंत्री संवेदनशील है। पश्चिम यूपी में आंदोलन का असर नगण्य था, लखीमपुर खीरी में खुद मैं जनसभा करके आया हूं, वहां भी किसान आंदोलन का कोई मुद्दा नहीं है।
पंजाब: अकाली दल से दोस्ती नहीं, अपना संगठन खड़ा करेंगे
पंजाब में बहुमत को लेकर शायद ही कोई राजनीतिक पंडित बता पाएगा। लेकिन, यह तय है कि भाजपा अपने सहयोगियों के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगी। उत्तराखंड-यूपी समेत बाकी दोनों राज्यों गोवा व मणिपुर में भी भाजपा की सरकार बन रही है।
पंजाब में त्रिशंकु की स्थिति में शिरोमणि अकाली दल से फिर दोस्ती संभव है?
भाजपा ने तय किया है कि अब पंजाब के हर जिले में अपना संगठन खड़ा किया जाएगा, खुद के दम पर ही आगे बढ़ेंगे।