केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज बेंगलुरु में कर्नाटक के नागरिकों एवं छात्रों को ढेरों सौगात दिए। शाह ने बेंगलुरु में नृपतुंगा विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने वर्चुअल माध्यम से बेल्लारी में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। गृह मंत्री ने कर्नाटक पुलिस का स्मार्ट ई-बीट (इलेक्ट्रॉनिक बीट) एप भी लॉन्च किया। इसके बाद शाह ने लोगों को संबोधित भी किया। अमित शाह ने कहा कि आज देश को आजादी मिले 75 वर्ष हो गए हैं। सभी ने देश को बनाने में अपनी-अपनी दृष्टि से योगदान किया है। इस 75 वर्ष की यात्रा में देश ने काफी मंजिल पार कर आज हम यहां पर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव ये 75वां वर्ष एक संकल्प लेने का वर्ष है। जब 2047 में आजादी की शताब्दि मनाई जाएगी तब देश हर एक क्षेत्र में दुनिया में सर्वोच्च स्थान पर हो ऐसा हम सभी को संकल्प लेना है।
पुलिस की सेवाओं को तेजी से गरीब तक पहुंचाने के लिए एप लॉन्च किया गया
अमित शाह ने कहा कि आज कर्नाटक पुलिस का एक कंसेप्ट लॉन्च किया गया है। ये कंसेप्ट पूरे कर्नाटक में जब लॉन्च हो जाएगा, तब पुलिस की सेवाओं को तेजी से गरीब से गरीब तक पहुंचाने का फायदा मिलेगा।
किसी भी देश का भविष्य उस देश के युवाओं के चरित्र के अंदर निर्मित
अमित शाह ने कहा कि मैं मानता हूं कि किसी भी देश का भविष्य उस देश के युवाओं के अंदर और युवाओं के चरित्र के अंदर निर्मित है। हमें युवाओं के भविष्य को सुधारना है। उनकी शिक्षा में और सुधार करना है।