केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि भारत में करीब 300 जिलों में कोरोना की जांच में साप्ताहिक संक्रमण दर पांच फीसदी से ज्यादा है। सरकार ने लोगों से कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से होने वाले संक्रमण को सामान्य सर्दी-खांसी नहीं मानने और टीका लगवाने की अपील भी की। सरकार ने कहा कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और गुजरात कोविड के मामलों में वृद्धि को देखते हुए चिंता वाले राज्यों के रूप में उभर रहे हैं।
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वी के पॉल ने कहा कि ओमिक्रॉन सामान्य सर्दी-खांसी नहीं है, इसे हल्के में नहीं ले सकते। हमें सतर्कता बरतने और टीका लगवाने की जरूरत हैं। हमें कोरोना अनुकूल व्यवहार अपनाते रहना होगा। हमारे कोविड बचाव कार्यक्रम में टीकाकरण एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से चुनावी रैलियों पर प्रतिबंध को बढ़ाने का सुझाव के सवाल पर लव अग्रवाल ने कहा कि चुनाव आयोग ने जनसभा, रैलियों के बारे में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आने वाले समय में कोरोना को लेकर जैसी स्थिति बनेगी, उसके लिहाज से चुनाव आयोग के साथ बात की जाएगी।