Dennis Francis: संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) प्रमुख डेनिस फ्रांसिस ने सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनके अंतिम विश्राम स्थल राजघाट पर श्रद्धांजलि दी।
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) प्रमुख डेनिस फ्रांसिस आज से पांच दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इसी कड़ी में उन्होंने सोमवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अंतिम विश्राम स्थल 'राजघाट' पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
विज्ञापन
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता ने रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'बापू को सच्ची श्रद्धांजलि। महासभा प्रमुख डेनिस फ्रांसिस ने राजघाट पर पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। महात्मा के कालजयी आदर्श पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं।'
इस दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज भी मौजूद थीं। उन्होंने भी महासभा प्रमुख फ्रांसिस के साथ महात्मा गांधी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। सोमवार सुबह यहां पहुंचने पर फ्रांसिस ने अयोध्या में रामलला की 'प्राण प्रतिष्ठा' पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह देश की शांति और प्रगति पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।
विज्ञापन
फ्रांसिस ने अपने 'एक्स' हैंडल से लिखा, 'नमस्ते भारत! एक शुभ दिन पर नई दिल्ली पहुंचने पर खुश हूं, जब देश अपनी दूसरी दिवाली मना रहा है। अगले कुछ दिनों में शांति, प्रगति, समृद्धि और स्थिरता पर फलदायी चर्चा की उम्मीद है।'
फ्रांसिस सोमवार को पांच दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान वह संयुक्त राष्ट्र-भारत संबंधों को आगे बढ़ाने पर फोकस करेंगे। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि कंबोज ने उनका स्वागत किया। वह विदेश मंत्री एस जयशंकर के निमंत्रण पर भारत आए हैं। यूएनजीए प्रमुख 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर अपनी यात्रा का समापन करेंगे।