असम राइफल्स के जवानों ने मणिपुर में म्यामांर से लगी सीमा पर स्थित मोरे से दो संदिग्ध इस्लामिक स्टेट (आईएस) कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। यह दोनों मोरे से इंफाल आ रहे थे। उसी दौरान ट्रांस एशियन हाइवे नंबर एक पर खुदेंगथाबी सीमा चौकी पर इनको गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दो पकडे़ गए संदिग्धों के नाम नाजिर मोहम्मद और अबू बाकिर है। इनके कब्जे से भारतीय मुद्रा में 75 हजार रुपये के अलावा विदेशी मुद्राएं, कुछ मोबाइल सेट और 14 सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। उन दोनों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे नौ मार्च को कोलकाता से रवाना होकर असम होते हुए 10 मार्च को नगालैंड के दीमापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। उसके बाद इंफाल होकर वे मोरे गए। उन्हाेंने खुलासा किया कि वे पहले भी मणिपुर आ चुके हैं।
फिलहाल उनके इस दौरे का मकसद पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।