छोटी बचत योजनाओं पर 9वीं तिमाही भी नहीं बढ़ीं ब्याज दरें
महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बावजूद 2022-23 की जुलाई-सितंबर तिमाही में भी सरकार ने छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें नहीं बढ़ाईं।
यह 2020-21 की अप्रैल-जून अवधि से लगातार 9वीं तिमाही है, जब नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (एनएससी), पीपीएफ और सुकन्या समृद्धि जैसी छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। छोटी बचत योजनाओं पर सालाना 4 से 7.4 फीसदी तक ब्याज मिलता है। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक अधिसूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष में तिमाही आधार पर छोटी बचत योजनाओं पर मिलने वाली ब्याज दरों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। एजेंसी
कार्बन उत्सर्जन घटाने के प्रयासों पर रोक लगाई अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने बिजली संयंत्रों से कार्बन उत्सर्जन घटाने के अमेरिकी सरकार के प्रयासों पर रोक लगा दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस फैसले से उत्सर्जन घटाने में अमेरिकी प्रशासन की भूमिका कम हो जाएगी। हाल के दिनों में सुप्रीम कोर्ट का यह दूसरा विवादित फैसला है। इससे पहले कोर्ट गर्भपात पर रोक लगाने का आदेश जारी कर चुका है। कार्बन उत्सर्जन संबंधित फैसला सुप्रीम कोर्ट के जजों ने 6-3 के बहुमत से दिया है।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले की संयुक्त राष्ट्र ने भी आलोचना की है। विश्व संस्था के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा कि इस फैसले से एक स्वस्थ और जीने योग्य ग्रह बनाने के पेरिस समझौते के लक्ष्य को हासिल करना मुश्किल हो जाएगा। वैज्ञानिकों का कहना है कि हमें यह याद रखना चाहिए कि जलवायु परिवर्तन की आपात स्थिति से निबटने के लिए वैश्विक प्रतिक्रिया जरूरी है।
हर मौसम में तस्वीर लेने में सक्षम तीन सैटेलाइट अंतरिक्ष में स्थापित
एक हफ्ते में अपने दूसरे सफल वाणिज्यिक मिशन में इसरो के अंतरिक्ष यान पीएसएलवी सी-53 ने सिंगापुर के तीन सैटेलाइट को अंतरिक्ष में पहुंचा दिया। इसमें हर मौसम में दिन-रात धरती की तस्वीर लेने वाला सैटेलाइट भी शामिल है। इस कामयाबी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के विश्वसनीय लॉन्च वाहन होने को फिर से साबित किया है। सैटेलाइट को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से शाम 6.02 बजे रवाना किया गया था।
सिंगापुर के तीनों सैटेलाइट को केंद्र सरकार के अंतरिक्ष विभाग की न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड कंपनी द्वारा लॉन्च कराया गया। इस कंपनी का यह दूसरा वाणिज्यिकमिशन है। इससे पहले 23 जून को जीएसएटी-24 को रवाना किया गया था। चार चरण वाले 44.4 मीटर ऊंचे पीएसएलवी सी-53 ने सिंगापुर के तीन सैटेलाइटों डीएस-ईओ, न्यूसार और स्कूब-1 को 570 किलोमीटर की ऊंचाई पर अंतरिक्ष में स्थापित किया। यह लोअर अर्थ ऑर्बिट है। एजेंसी