अलीगढ़ के क्वारसी इलाके में बुधवार को एक बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गयी तथा 30 अन्य घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि महाराष्ट्र से उत्तराखण्ड जा रही एक मिनी बस क्वारसी थाना क्षेत्र के धौरा माफी के पास एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश में बेकाबू होकर पलट गयी।
इस हादसे में बस सवार बलकार सिंह (62) और कुलवंत (50) की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 30 अन्य यात्री जख्मी भी हो गये। उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि बस सवार सभी लोग उत्तराखण्ड के रहने वाले थे। वे महाराष्ट्र में तीर्थयात्रा करने के बाद वापस लौट रहे थे।