फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोशल मीडिया: सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले वीडियो मामले में दो पर मुकदमा, पढ़िए देश की कुछ महत्वपूर्ण खबरें

Sat, 08 Jan 2022 06:12 AM IST
Jeet Kumar अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।

सार

वीडियो के माध्यम से यह दिखाने की कोशिश की गई है कि बैठक सिख समुदाय के खिलाफ थी। पुलिस ने धारा 153 ए आईपीसी के तहत अपराध मानते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए वायरल हो रहे वीडियो को पुलिस ने गलत करार दिया है। साथ ही वीडियो को साझा करने वाले दो ट्विटर उपयोगकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

विज्ञापन


सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान पाया गया है कि सिमरन कौर और इशल कौर के ट्विटर हैंडल द्वारा ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया गया है। दरअसल, यह वीडियो सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद नौ दिसंबर 2021 को हुई कैबिनेट कमेटी की बैठक का था। यह वीडियो विभिन्न पोर्टल और सोशल मीडिया पर आसानी से उपलब्ध था।

दुश्मनी को बढ़ावा देने और सांप्रदायिक सद्भाव भड़काने के गलत इरादे से वीडियो से छेड़छाड़ की गई थी, जिसमें एक नया वॉयस ओवर भी दिया गया था। वीडियो के माध्यम से यह दिखाने की कोशिश की गई है कि बैठक सिख समुदाय के खिलाफ थी। पुलिस ने धारा 153 ए आईपीसी के तहत अपराध मानते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
विज्ञापन


टीएमसी सांसद को वीडियो रिकार्डिंग जमा कराने का आदेश
नई दिल्ली। उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा से उस घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग जमा करने को कहा जिसमें उन्होंने एक निजी चैनल के बारे में अपशब्द कहे थे। इसी के आधार पर उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। न्यायमूर्ति मुक्ता गुप्ता ने मोइत्रा को चैनल के खिलाफ मानहानि मामले की एक प्रति देने का निर्देश देते हुए सुनवाई 2 मार्च तय की है। ब्यूरो

मालदा में बीएसएफ की गोली से बांग्लादेशी गो तस्कर घायल
मालदा। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में सीमा सुरक्षा बल के जवान की गोली लगने से 22 वर्षीय बांग्लादेशी गो तस्कर घायल हो गया। आरोपी युसूफ अहमद को ईटाघाटी सीमा चौकी (बीओपी) के पास पूर्णभाबा नदी के जरिए गायों की तस्करी के दौरान गोली मारी थी। आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

राष्ट्रीय बाल आयोग ने आप नेता मामले में मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली। राष्ट्रीय बाल आयोग ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार से आम आदमी पार्टी नेता कर्नल अजय कोठियाल पर बच्चों के अधिकार के हनन के आरोप मामले में सात दिन में रिपोर्ट मांगी है। आरोप है कि इन नाबालिगों का उपयोग राजनीतिक प्रचार के लिए हो रहा था। इन्हें बच्चा फौजी और सेना भी पुकारा गया।

चीन के अरुणाचल में नाम बदलने से नहीं बदलेंगे हालात : रिजिजू
चीन के अरुणाचल प्रदेश में स्थलों के नाम बदलने को खारिज करते हुए केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि किसी बाहरी के देश के स्थलों के नाम बदलने से उनके हालात में कोई बदलाव नहीं आएगा। इसे कोई स्वीकार नहीं करेगा। मीडिया से बातचीत में चीन के 15 स्थानों के नाम बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश ने इसे अरुणाचल प्रदेश नाम दिया है और यह हर किसी को स्वीकार्य है। 

तेंदुए की खाल और हाथी दांत के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा के देवगढ़ जिले में पुलिस ने एक व्यक्ति के पास से तेंदुए की खाल, हाथी दांत और पैंगोलिन के एक किलो से ज्यादा शल्क बरामद किए हैं, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने एक दिन पहले तेलीबानी के पास एक   इलाके में तलाशी अभियान के दौरान आरोपी को पकड़ा। 

दुष्कर्म की शिकार नाबालिग को मिली गर्भपात की इजाजत
मद्रास हाईकोर्ट ने छह माह की गर्भवती नाबालिग को गर्भपात कराने की इजाजत दे दी है। एक 44 वर्षीय बस ड्राइवर ने इस नाबालिग से दुष्कर्म किया था। दरअसल, मुदरै के वाडीपट्टी की किशोरी के पिता ने बेटी के चिकित्सकीय गर्भपात की अनुमति मांगी थी। इसके बाद जस्टिस जीआर स्वामीनाथन की पीठ ने बृहस्पतिवार को कहा कि चिकित्सकों ने लड़की का गर्भपात करने की सलाह दी है। 

शराब कारोबारी के घर छापे में आठ करोड़ रुपये, 3 किलो सोना मिला
आयकर विभाग ने मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शराब कारोबारी शंकर राय और उसके भाइयों के परिसरों पर छापेमारी में आठ करोड़ रुपए नकद, तीन किलो सोना और संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए हैं। आयकर विभाग (जांच) जबलपुर क्षेत्र की संयुक्त आयुक्त मुनमुन शर्मा ने बताया, बृहस्पतिवार तड़के शुरू हुई छापेमारी में अब तक आठ करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जिनमें से एक करोड़ पानी के कंटेनर में छिपाकर रखे गए थे। तीन किलो सोना भी बरामद किया गया है। साथ ही राय बंधुओं की संपत्ति से संबंधित कई दस्तावेज भी मिले हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें