पुलिस कल तक हिना सेठी को यही कहती रही कि उन्होंने नौ जनवरी को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। लेकिन अब तक चार्जशीट ही दाखिल नहीं की गई थी। मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचते ही पुलिस हरकत में आई और हिना के थाना पहुंचने से पहले ही कोर्ट में ससुराल के तीनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई। बता दें कि सहारनपुर के मोहल्ला गोविंदनगर निवासी हिना सेठी ने अलीगढ़ के सिटी एंक्लेव रामघाट रोड निवासी पति मोहित खत्री, सास अनीता और ससुर स्नेह कुमार खत्री के खिलाफ महिला थाना में सितंबर 2016 में दहेज उत्पीड़न करने और रात के दो बजे घर से निकालने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी।
हिना सेठी का आरोप है कि एफआईआर दर्ज कराने के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वह महिला थाना के चक्कर लगाती रही। नौ जनवरी 2017 को उसे बताया गया कि कोर्ट में तीनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। जब उसने कोर्ट जाकर पता किया तो वहां चार्जशीट नहीं पहुंची थी। उसने फिर महिला थाना आकर पता किया तो गैरजिम्मेदराना जवाब मिला कि पुलिस ने चार्जशीट भेज दी है। इस हालात में हिना की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्वीट भेजकर शिकायत की गई तो पुलिस हरकत में आई और मंगलवार को चार्जशीट दाखिल कर दी गई।
हिना ने बताया कि सोमवार शाम वह महिला थाने गई थी। उसे जानकारी मिली कि वहां एक अधिकारी ने चार्जशीट को दबा रखा था। उसके अधिवक्ता ने उसे फोन पर चार्जशीट दाखिल होने के बारे में बताया। हिना ने बताया कि अब उसे ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई का इंतजार है। उधर, महिला थाना प्रभारी प्रभा सिंह ने बताया कि हिना सेठी को समझने में गलती हुई है। उन्होंने उसे बताया था कि नौ जनवरी को चार्जशीट काट दी गई है। दाखिल होने में समय लगता है। अधिकारियों के पास कागज भेजे जाते हैं। उसके बाद ही कोर्ट में दाखिल की जाती है। उन्होंने मंगलवार को चार्जशीट दाखिल करा दी है।