ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (
एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया है कि तीन तलाक विधेयक मुस्लिमों के खिलाफ एक साजिश है और समुदाय के पुरुषों को दंडित करने की एक चाल है। हैदराबाद से लोकसभा सांसद ओवैशी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ‘पद्मावत’ फिल्म से जुड़े विवाद के मामले पर संसद की एक समिति ने विचार किया था लेकिन
तीन तलाक के मुद्दे को लेकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने सोमवार रात एक जनसभा में कहा कि तीन तलाक विधेयक मुस्लिम समुदाय के खिलाफ एक साजिश है। यह समुदाय की महिलाओं को सड़कों पर लाने और पुरुषों को जेल भेजने की एक चाल है। हालांकि उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को उन लोगों का सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए जो तलाक के लिए तीन तलाक का सहारा लेते हैं। ओवैशी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए कुछ नहीं कर रहे लेकिन दूसरों द्वारा किए जाने वाले अच्छे काम का श्रेय लेने में हमेशा आगे रहते हैं।