अंतरिक्ष स्टेशन जाकर इतिहास रचने वाले भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की आज धरती पर वापसी होगी। शुभांशु और एक्सिओम-4 मिशन के उनके तीन साथी 10 मिनट की देरी से सोमवार शाम 4.45 बजे (भारतीय समयानुसार) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से धरती के लिए रवाना हुए। अंतरिक्ष यात्रियों का यह दल लगभग 22.5 घंटे का सफर पूरा करने के बाद मंगलवार यानी आज दोपहर करीब 3 बजे (भारतीय समयानुसार) कैलिफोर्निया के समुद्री तट पर उतरेगा। इसके अलावा, ओडिशा के बालासोर स्थित फकीर मोहन स्वायत्तशासी महाविद्यालय में यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर आत्मदाह करने वाली छात्रा का निधन हो गया। उसने सोमवार देर रात एम्स भुवनेश्वर में अंतिम सांस ली। इसके अलावा, इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से हरा दिया। सोमवार को लॉर्ड्स टेस्ट के आखिरी दिन मेजबानों ने भारतीय टीम को 170 के स्कोर पर ऑलआउट किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से बढ़त हासिल कर ली। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
ओडिशा में आत्मदाह करने वाली छात्रा का निधन, तीन दिन मौत से लड़ी
ओडिशा के बालासोर स्थित फकीर मोहन स्वायत्तशासी महाविद्यालय में यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर आत्मदाह करने वाली छात्रा का निधन हो गया। उसने सोमवार देर रात एम्स भुवनेश्वर में अंतिम सांस ली। छात्रा 95 प्रतिशत जली अवस्था में एम्स लाई गई थी। जहां तीन दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उसके निधन पर दुख जताया है। पढ़ें पूरी खबर...
IND vs ENG: लॉर्ड्स में नहीं चला भारतीय टीम का जादू, विदेशी धरती पर दूसरी सबसे करीबी हार
इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से हरा दिया। सोमवार को लॉर्ड्स टेस्ट के आखिरी दिन मेजबानों ने भारतीय टीम को 170 के स्कोर पर ऑलआउट किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले बेन स्टोक्स की टीम ने भारत को लीड्स टेस्ट में पांच विकेट से हराया था। वहीं, भारतीय टीम ने दूसरा टेस्ट (एजबेस्टन टेस्ट) 336 रन से जीता था। बता दें कि, विदेशी धरती पर यह भारतीय टीम की दूसरी सबसे करीबी हार है। इससे पहले टीम को 1977 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन में 16 रनों से शिकस्त मिली थी। पढ़ें पूरी खबर...
Rahul Gandhi: आज कोर्ट में पेशी के लिए लखनऊ आ सकते हैं राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय सैनिकों पर अमर्यादित टिप्पणी मामले में मंगलवार को एमपी-एमएलए विशेष मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश होना है। आज पेशी के लिए राहुल गांधी लखनऊ आ सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
Fauja Singh Passes Away: सड़क हादसे में 114 वर्षीय फौजा सिंह का निधन
दुनिया के सबसे बुजुर्ग (114 वर्ष) और मशहूर मैराथन धावक फौजा सिंह का सड़क हादसे में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, आज जब वह घर के बाहर सैर कर रहे थे, तो इसी दौरान एक कार उन्हें टक्कर मार कर मौके से फरार हो गई। जिसके बाद वह सड़क पर गिर गए। परिजनों के द्वारा फौजा सिंह को इलाज के लिए जालंधर के निजी अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर...
Kanwar Yatra 2025: यूपी के इन जिलों में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 16 जुलाई से स्कूल बंद
हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और अब मेरठ में कांवड़ियों द्वारा गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं। वहीं, कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ने लगी हैं। इसके मद्देनजर 16 से 23 जुलाई तक जनपद में सभी स्कूल बंद रहेंगे। मेरठ के डीएम डॉ. वीके सिंह ने बताया कि 23 जुलाई को शिवरात्रि है। इसके बाद 24 जुलाई को स्कूल खुलेंगे। मुजफ्फरनगर में भी 16 से स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
Parliament: अब MMD डिवाइस के जरिए सांसद दर्ज करा सकेंगे अपनी उपस्थिति
लोकसभा सचिवालय संसदीय कार्यप्रणाली को लगातार आधुनिक और डिजिटल बना रहा है। इसी क्रम में मानसून सत्र की शुरुआत से पहले लोकसभा कक्ष में सभी सीट पर मल्टी मीडिया डिवाइस (एमएमडी) लगाया गया है, जिसकी मदद से सांसद अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकेंगे। इससे सदस्यों का समय बचेगा। पहले सांसदों को हाजिरी लॉबी में जाकर रजिस्टर पर हस्ताक्षर करना पड़ता था। पढ़ें पूरी खबर...
यूपी: प्रदेश में खुला शिक्षक भर्ती का रास्ता, सीएम योगी बोले- खाली पदों पर भर्ती के लिए जल्द भेजें प्रस्ताव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग की बैठक में शिक्षकों के खाली पदों पर जल्द नियुक्ति की आवश्यकता को रेखांकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में शिक्षक-छात्र अनुपात आदर्श स्थिति में होना चाहिए। खाली पदों के सापेक्ष अधियाचन तत्काल भेजा जाए और नियुक्ति प्रक्रिया समय से पूरी हो। पढ़ें पूरी खबर...
'भारत-चीन के संबंध दुनिया के लिए अहम, सीमा पर कम हुआ तनाव'; वांग यी के साथ बैठक में बोले जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर चीन के दौरे पर हैं। अपने चीनी समकक्ष वांग के साथ बैठक के दौरान अपने शुरुआती वक्तव्य में जयशंकर ने कहा, आज हमारी बैठक में वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। कल हम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के प्रारूप में मिलेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य आतंकवाद, अलगाववाद और चरमपंथ से लड़ना है। यह हम सभी की साझा चिंता है और भारत को उम्मीद है कि आतंकवाद के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति को मजबूती से अपनाया जाएगा। विदेश मंत्री के रूप में आप (वांग यी) लंबे समय से हमारे द्विपक्षीय संबंधों के लिए जिम्मेदार रहे हैं। मुझे इस समय हमारे संबंधों की स्थिति पर चर्चा करने पर खुशी हो रही है, विशेषकर ऐसे समय में जब दुनिया में बड़े बदलाव हो रहे हैं। मैं रचनात्मक और दूरदर्शी विचारों के आदान-प्रदान की उम्मीद करता हूं। पढ़ें पूरी खबर...
Maharashtra: शिंदे की शिवसेना नेताओं को हिदायत; सार्वजनिक जीवन में अनुशासन बनाएं
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को शिवसेना के नेताओं को सख्त हिदायत दी। उन्होंने पार्टी विधायकों और मंत्रियों से कहा कि वह सार्वजनिक जीवन में अनुशासन बनाए रखें, मुझे कार्रवाई के लिए मजबूर न करें। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने शिवसेना के एक विधायक और एक मंत्री से जुड़ी लगातार घटनाओं पर तीखी प्रतिक्रियाओं के बीच पार्टी की छवि को हुए नुकसान को कम करने के लिए यह कदम उठाया है। पढ़ें पूरी खबर...
'मैंने भाजपा के किसी नेता से संपर्क नहीं किया'; जयंत पाटिल ने पाला बदलने की खबरों को किया खारिज
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (सपा) के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया है। जयंत पाटिल ने कहा कि उन्होंने न तो भगवा दल के किसी नेता से मुलाकात की है और न ही सत्तारूढ़ गठबंधन दल के किसी नेता ने उनसे संपर्क किया है। इस दौरान उन्होंने उनके दल बदलने को लेकर मीडिया में चल रही खबरों को निराधार बताया। गौरतलब है कि जयंत पाटिल सांगली जिले के इस्लामपुर से आठ बार विधायक रहे हैं। पाटिल 2018 से अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रदेश अध्यक्ष हैं। जुलाई 2023 में अजित पवार और अन्य विधायकों के बाहर जाने की वजह से पार्टी के विभाजन के बाद पाटिल पार्टी के शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट एनसीपी (सपा) में उसी पद पर बने रहे। पढ़ें पूरी खबर...