फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: चेन्नई में 3.5 करोड़ की ई-सिगरेट जब्त, केरल में राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ एक और मामला दर्ज

Thu, 02 Nov 2023 04:16 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

केरल बम धमाके की जांच कर रही पुलिस ने केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया है। एक अन्य मामले में चेन्नई में 3.50 करोड़ रुपये मूल्य की ई-सिगरेट जब्त की गई है। न्यूज अपडेट्स में बड़ी खबरों पर एक नजर
विज्ञापन
चेन्नई में ई-सिगरेट जब्त, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर (फाइल) - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तमिलनाडु में प्रतिबंधित सामानों की सप्लाई पर नकेल कसने में सीमा शुल्क विभाग को बड़ी सफलता मिली है। खबरों के मुताबिक विशिष्ट खुफिया सूचना पर, चेन्नई सीमा शुल्क एसआईआईबी ने लगभग 3.5 करोड़ रुपये मूल्य के 11,700 ई-सिगरेट जब्त किए हैं। राज्य में ई-सिगरेट की यह दूसरी जब्ती है। चेन्नई सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, एक कंटेनर में घरेलू वस्तुओं के पैकेज के पीछे छुपाए गए ई-सिगरेट को तलाशी के दौरान बरामद और जब्त किया गया। शिपमेंट किसका है या इतनी बड़ी संख्या में कहां से कहां सप्लाई किया जा रहा था, इन सवालों के जवाब के लिए संबंधित अधिकारी इस मामले में आगे की जांच कर रहे हैं।
विज्ञापन


वहीं, केरल में हुए बम धमाकों के सिलसिले में केंद्रीय मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोच्चि के एक कन्वेंशन सेंटर में हाल ही में हुए विस्फोटों के संबंध में सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने वाले कथित बयान देने के आरोप के तहत मामला दर्ज किया है। एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने केपीसीसी डिजिटल मीडिया संयोजक पी सरीन की शिकायत के आधार पर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ दूसरा मामला दर्ज किया।

कांग्रेस नेता की शिकायत के आधार पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और प्रवक्ता अनिल एंटनी पर भी उनके सोशल मीडिया पोस्ट के लिए मामला दर्ज किया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ''दोनों मामले मंगलवार को भारतीय डंद संहिता (आईपीसी) 153 और 153ए और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120 (ओ) के तहत दर्ज किए गए।''
विज्ञापन


बता दें कि आईपीसी 153 और 153ए में दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसावे देने और क्रमशः धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने का उल्लेख है। केपी अधिनियम की धारा 120 (ओ) में उपद्रव और सार्वजनिक व्यवस्था का उल्लंघन शामिल है।

ठगी के आरोप में गिरफ्तार
उत्तरी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में एक सरकारी कार्यालय में तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड को नौकरी दिलाने का वादा कर लोगों से पैसे लेने के बाद कथित तौर पर धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मिनी सचिवालय 'उत्तरकन्या' में तैनात बिष्णुपद गुप्ता को न्यू जलपाईगुड़ी पुलिस थाने के कर्मियों ने गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी उत्तरकन्या में तैनात एक अन्य सुरक्षा गार्ड मोइनुर रहमान की तलाश की जा रही है, जो फिलहाल फरार है।

8.5 करोड़ मूल्य का 13.7 किलोग्राम सोना जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कथित तौर पर 8.5 करोड़ रुपये मूल्य के 13.7 किलोग्राम तस्करी के सोने के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि सोना तस्करी सिंडिकेट के तीन सदस्यों को डीआरआई की मुंबई इकाई ने और दो को एजेंसी की वाराणसी इकाई ने पकड़ा। उन्होंने बताया कि सिंडिकेट जमीन और रेलवे मार्ग से सोने की तस्करी करने का प्रयास कर रहा था।

गुजरात कांग्रेस से निलंबित पूर्व विधायक पार्टी में फिर शामिल
गुजरात कांग्रेस के पूर्व विधायक पीडी वसावा 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले अपने समर्थकों के साथ पार्टी में एक बार फिर शामिल हो गए। उन्हें दिसंबर 2022 के विधानसभा चुनावों के कुछ हफ्तों बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। वह 40 समर्थकों के साथ अहमदाबाद में एक बार फिर कांग्रेस से जुड़ गए। गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया और उनके सहयोगी हिम्मतसिंह पटेल ने पार्टी में उनका स्वागत किया। वसावा को कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में नर्मदा जिले के नंदोद से टिकट देने से इनकार कर दिया था, जहां से वह उस समय विधायक थे।

लाहौर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में शुमार
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर गुरुवार को लगातार दूसरे दिन दुनिया भर के सबसे प्रदूषित प्रमुख शहरों में से एक रही। एक वैश्विक वायु गुणवत्ता निगरानी मंच ने यह जानकारी दी। पंजाब की कार्यवाहक सरकार ने बुधवार को खतरनाक वायु गुणवत्ता को नियंत्रित करने के लिए 12 करोड़ से अधिक आबादी वाले पंजाब प्रांत में स्मॉग आपातकाल लागू किया था। आईक्यूएयर डॉट कॉम ने कहा है कि लाहौर दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बना हुआ है। वायु गुणवत्ता सूचकांक के लगातार खतरनाक स्तर पर बने रहने के कारण लाहौर में तुरंत "स्मॉग आपातकाल" लागू करने के लाहौर उच्च न्यायालय के आदेश के मद्देनजर सरकार ने यह फैसला किया था।
विज्ञापन

हुरुन की दानवीरों की सूची में शिव नादर पहले नंबर पर

हुरुन की Philanthropist List 2023 (दानवीरों की सूची) के अनुसार एचसीएल एंटरप्राइज के चेयरपर्सन शिव नादर देश के दानवीरों के मामले में पहले नंबर पर हैं। उन्होंने आर्ट और कल्चर को प्रमोट करने के लिए करीब 2042 करोड़ रुपये दान दिए हैं। इस तरह देखा जाए तो उन्होंने हर रोज करीब 5.6 करोड़ रुपये दान में दिए हैं। पिछले 5 सालों में शिव नादर तीसरी बार इस लिस्ट में पहले नंबर पर रहे हैं। लिस्ट में 1774 करोड़ रुपये के दान के साथ अजीम प्रेमजी दूसरे नंबर पर जबकि मुकेश अंबानी तीसरे नंबर पर हैं। हुरुन के दानवीरों की लिस्ट में कुमार मंगलम बिड़ला चौथे नंबर पर जबकि गौतम अदाणी पांचवें नंबर हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें