फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: ओडिशा के सुंदरगढ़ में सड़क हादसे में पांच की मौत; कोलकाता में रिहायशी इमारत में लगी आग

Sun, 17 Dec 2023 07:39 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

Updates: कोलकाता के नोनापुकुर इलाके में एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर रविवार दोपहर आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। दो महिलाओं और दो बच्चों सहित कुल पांच लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
विज्ञापन
दुर्घटना। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। दुर्घटना में ऑटो से सफर कर रहे पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना दोपहर में तेलेन्दिही गांव के पास हुई, जब लोग पिकनिक से लौट रहे थे। ऑटो में सात यात्री सवार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को सुंदरगढ़ शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर है।

विज्ञापन

दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नोनापुकुर इलाके में एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर रविवार दोपहर आग लग गई। घटना नोनापुकुर त्राम डिपो के समीप 179 एजेसी बोस मार्ग पर स्थित इमारत में हुई। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। दो महिलाओं और दो बच्चों सहित कुल पांच लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आग की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

महाराष्ट्र के जालना जिले में छह देशी रिवाल्वर, जिंदा कारतूस जब्त 
महाराष्ट्र के जालना जिले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कई देशी रिवाल्वर, 12 जिंदा कारतूस और एक तलवार बरामद की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक शैलेश बलकवड़े ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों पर जिले के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में हत्या, हत्या के प्रयास और हमले से संबंधित मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई 11 दिसंबर को जालना के मंथा चौराहे पर एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या की जांच के संबंध में की गई थी।
 

सवाई गंधर्व भीमसेन महोत्सव के दौरान लगी आग 
पुणे में रविवार को वार्षिक भारतीय शास्त्रीय संगीत समारोह सवाई गंधर्व भीमसेन महोत्सव के दौरान आग लग गई। हालांकि उस पर तुरंत काबू पा लिया गया। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।  

अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक, शाम करीब सवा चार बजे बिजली जनरेटर में शॉर्ट सर्किट के बाद मंडप में रखे कपड़े के टुकड़े में आग लग गई थी। हालांकि आग ज्यादा फैल पाती उससे पहले ही दर्शकों में से एक व्यक्ति ने आग बुझाने वाले यंत्र का उपयोग करके इसे बुझाने की कोशिश की। साथ ही आनन-फानन में कार्यक्रम स्थल पर तैनात अग्निशमन विभाग की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।

पुणे की कैंडल यूनिट में आग लगने की घटना में मरने वालों की संख्या 14 पहुंची 
 पुणे के पिंपरी चिंचवड़ के तलावड़े में आठ दिसंबर को मोमबत्ती बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की घटना में गंभीर रूप से झुलसी दो महिलाओं की मौत हो गई है। जिसके बाद इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। वहीं, दूसरी ओर, फैक्ट्री के मालिक शरद सुतार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस हादसे में वह भी झुलस गया था। 

अधिकारियों ने बताया कि कमल चौरे (35) की शनिवार को मौत हो गई। जबकि उषा पाडवी (40) की रविवार को मौत हो गई। गौरतलब है कि इस घटना में छह लोगों की उसी दिन मौत हो गई थी, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। हालांकि उनमें से कुछ लोगों की अगले ही दिन मौत हो गई थी। 

कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना बैंकों की जिम्मेदारी : भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि कमजोर वर्गों की जरूरतों की पहचान करना और उन्हें सशक्त बनाना बैंकों की जिम्मेदारी है। 

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण क्षेत्र में कल्याण जनता सहकारी बैंक के स्वर्ण जयंती समारोह के समापन पर उन्होंने कहा, कमजोर वर्गों की आर्थिक समृद्धि ही बैंकों का आधार है। भागवत ने कहा, बैंकों को सभी आर्थिक मापदंडों के साथ सामाजिक विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। यह बैंकों की जिम्मेदारी है कि वे कमजोर वर्गों की जरूरतों की पहचान करें और उन्हें सशक्त बनाएं।  
विज्ञापन

भड़काऊ बयानों से माहौल बिगाड़ने में लगे हैं राज्यपाल : विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पर जानबूझकर भड़काऊ बयान देकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने रविवार को कहा कि राज्यपाल किसी भी तरह यहां शांति नहीं चाहते। मुख्यमंत्री ने यह बात राज्य सरकार के आउटरीच कार्यक्रम नव केरल सदास के सिलसिले में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कही।

वह प्रदर्शनकारी एसएफआई कार्यकर्ताओं को राज्यपाल की तरफ से अपराधी करार दिए जाने के सिलसिले में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा, वह (आरिफ मोहम्मद) भूल जाते हैं कि वह केरल के राज्यपाल हैं।

मुख्यमंत्री ने माकपा की छात्र इकाई स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदर्शनकारियों को अपराधी और गुंडा बताने के लिए राज्यपाल की आलोचना की। साथ ही कहा कि वह प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ऐसे असभ्य शब्दों का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं? राज्यपाल ने एक दिन पहले ही कहा था कि सत्तारूढ़ माकपा की छात्र इकाई के प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्त अपराधी थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें