फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: आय से अधिक संपत्ति मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल के खिलाफ केस; कर्नाटक में एक ही परिवार के चार की मौत

Mon, 15 Jan 2024 04:24 PM IST
आदर्श शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आय से अधिक संपत्ति मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक चंद्रा और उनकी पत्नी के खिलाफ सीबीआई ने मामला दर्ज किया है। सीबीआई के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के खातों में जमा राशि का हिसाब नहीं दे पाए अभिषेक चंद्रा।
विज्ञापन
CBI - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आय से अधिक संपत्ति मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक चंद्रा की मुश्किलें बढ़ने वाली है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो(सीबीआई) ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में कई लाखों की नकदी जमा की थी। सोमवार को अधिकारियों ने मामले की जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक लेफ्टिनेंट कर्नल चंद्रा पर 2022 में कई विक्रेताओं से नकदी लेने का भी आरोप है।
विज्ञापन


परिवार के सदस्यों के खातों का नहीं दे पाए हिसाब
अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि सीबीआई ने उनकी जुड़ी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान वो पत्नी के पास संपत्ति से जुड़े सवाल का जवाब न दे सके। अधिकारी ने दावा किया कि जांच में पता चला कि पत्नी प्रिया चंद्रा और उन्होंने अपनी सास (प्रिया चंद्रा) के खाते में कैश डिपॉजिट वाउचर के जरिए 15 लाख रुपये जमा किए थे। साथ ही कहा गया कि लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक चंद्रा के पिता सुरेश चंद्रा और उनके नाबालिग बेटों के खातों में भी पैसे जमा किया गया था। 

आय से 33 प्रतिशत अधिक संपत्ति
सीबीआई के मुताबिक, खाते में धनराशि जमा 2017 और 2019 के दौरान हुई थी, लेकिन लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक चंद्रा अपने परिवार के सदस्यों के खातों से जुड़े जमा राशि का जवाब न दे सकें। केंद्रीय जांच एजेंसी ने आरोप लगाए हैं कि  अभिषेक चंद्रा ने 31.29 लाख की संपत्ति अर्जित की, जो आय से 33 प्रतिशत अधिक थी। सीबीआई ने भ्रष्टाचार से जुड़े कानूनों के प्रावधानों के तहत उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 
विज्ञापन

जल्लीकट्टू के दौरान दो पुलिसकर्मियों सहित 45 लोग घायल

तमिलनाडु में अवनियापुरम जल्लीकट्टू के दौरान दो पुलिसकर्मियों सहित 45 लोग घायल हो गए और 9 लोगों को आगे के इलाज के लिए मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में रेफर किया गया।
 

एमटीएचएल समारोह के दौरान 1300 लोग हुए बीमार
मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक(एमटीएचएल) के उद्घाटन समारोह में जुटे एक लाख से ज्यादा लोगों में से लगभग 1300 लोग लंबे समय से गर्मी के चलते डिहाइड्रेशन और सिरदर्द के कारण बीमार हो गए। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 जनवरी को देश के सबसे लंबे समुद्री पुल का उद्घाटन किया था और नवी मुंबई में एक सभा को संबोधित किया था। रायगढ़ जिले के सिविल सर्जन डॉ. नितिन ने कहा कि समारोह के बाद लगभग 1300 लोगों के बीमार होने की बात सामने आई है। 

असम में वाहन पलटने से एक मजदूर की मौत, 17 घायल

असम के लखीमपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां एक पिकअप वैन के पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पिकअप वैन उस वक्त बेकाबू हो गया, जब उस पर 18 मजदूर सवार थे। पिकअप वैन बेकाबू होकर बंदरदेवा के पास पलट गया। गौरतलब है कि बिहरपुरिया के एक ईंट भट्ठे में काम के लिए मजदूरों को ले जाया जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान परम लाल के रूप में हुई, जो बिहार का रहने वाला था। 
 

कार ने बाइक को मारी टक्कर, चार लोगों की मौत
मकर संक्रांति के दिन खरीददारी के लिए जा रहे परिवार हादसे का शिकार हो गया। इस सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। गौरतलब है कि मकर संक्रांति के दिन कोल्लेगल में कपड़े खरीदने के परिवार बाहर निकला था। जिनकनहल्ली के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें परिवार के चारों लोगों की मौत हो गई। 

गिदुगु रुद्र राजू ने एपीसीसी के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

कांग्रेस नेता गिदुगु रुद्र राजू ने चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी(एपीसीसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं भाजपा राजस्थान महासचिव चंद्रेशखर को तेलंगाना भाजपा महासचिव(संगठन) नियुक्त किया गया है। 

हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका प्रभा अत्रे का पुणे में हुआ अंतिम संस्कार
प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका प्रभा अत्रे का अंतिम संस्कार पुणे में हुआ। प्रभा अत्रे का शनिवार सुबह 92 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ था। जिला कलेक्टर राजेश देशमुख ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की, अंतिम यात्रा में सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। गौरतलब है कि 13 सितंबर 1932 को जन्मे अत्रे एक बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी थी। जनवरी 2022 में उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। इससे पहले उन्हें 1990 में पद्म श्री पुरस्कार और 2002 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

बिल्डर की हत्या के आरोप में पत्नी और ड्राइवर गिरफ्तार
नवी मुंबई बिल्डर की हत्या मामले में उसकी पत्नी और ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि बिल्डर की 14 जनवरी को सीवुड्स स्थित उसके कार्यालय में हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने पत्नी और ड्राइवर के रिलेशनशिप में होने का दावा किया है। पुलिस ने कहा कि दोनों को खुफिया जानकारी के आधार पर पकड़ा गया। आरोपियों ने कार्यालय में मौजूद सीसीटीवी फुटेज को नुकसान पहुंचाया था। दोनों आरोपियों को 18 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और एनआरआई पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले की जांच जारी है।
 

दूसरी पीढ़ी के डिस्ट्रेस अलर्ट ट्रांसमीटर का उद्धाटन

इसरो अध्यक्ष सोमनाथ - फोटो : ANI
दूसरी पीढ़ी के डिस्ट्रेस अलर्ट ट्रांसमीटर का उद्धाटन आज बंगलूरू में भारतीय तटरक्षक बल के प्रमुख महानिदेशक राकेश पाल की मौजूदगी में इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ ने किया। यह ट्रांसमीटर समुद्र में मछुआरों द्वारा उपयोग किया जाता है। दो तरफा संचार की सुविधा, रिचार्जेबल बैटरी और हब से मछुआरों को मौसम अलर्ट, संभावित मछली पकड़ने के क्षेत्र की जानकारी और आपातकालीन संदेश साझा करने के लिए नाविक मैसेजिंग सेवाओं के साथ एकीकरण शामिल है।
 

जाल में फंसे ओलिव रिडले कुछए को बचाया गया
भारतीय तट रक्षक जहाज रानी अब्बक्का ने पाक खाड़ी में गश्त के दौरान जाल में फंसे एक  ओलिव रिडले कछुए को बचाया। बचाए गए कछुए को फिर से समुद्र में छोड़ दिया गया है। गौरतलब है कि ओलिव रिडले कछुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची- I में सूचीबद्ध लुप्तप्राय प्रजातियों में शामिल हैं। 
 

एटीएम चोरी के लिए जलाया गैस कटर, 21 लाख की नकदी राख
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक एटीएम में रखी 21 लाख से अधिक की नकदी उस वक्त जलकर राख हो गई, जब चोरों ने उसे लूटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी ने सोमवार बताया कि यह घटना 12-13 जनवरी की दरम्यानी रात की है। चोर डोंबीवली के विष्णु नगर इलाके में स्थित एक बैंक के एटीएम का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने एटीएम खोलने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया, लेकिन इस दौरान अत्यधिक गर्मी के कारण उसमें आग लग गई। 

केरल में ड्रग्स तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, सात आरोपी गिरफ्तार
केरल के एर्नाकुलम जिले में ड्रग्स तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ कर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग ग्राहकों से धन एकत्र कर उसे क्रिप्टोकरेंसी में बदलते थे और फिर अवैध नशीली दवाओं के लिए ऑर्डर देते थे। अधिकारियों सोमवार को कहा कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एनसीबी कोचीन ने जर्मनी से आए एक डाक पार्सल को रोका, जिसमें एलएसडी (नशीली दवा) के 10 पैकेट (0.24 ग्राम) थे। इसके बाद कार्रवाई की गई।  

ईडी पर हमला : हाईकोर्ट की पुलिस को फटकार, केस डायरी पेश करने को कहा
कलकत्ता हाईकोर्ट ने ईडी और केंद्रीय बल पर पांच जनवरी को संदेशखाली में तृणमूल नेता शाहजहां शेख के घर पर छापे के दौरान हुए हमले को लेकर की जा रही जांच में ढुलमुल रवैये के लिए बंगाल पुलिस को कड़ी फटकार लगाई। हाईकोर्ट ने केस डायरी मंगलवार को पेश करने को कहा। अदालत ने अब तक केवल चार लोगों को गिरफ्तार करने और ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताई। 

बंगाल राशन घोटाला : तृणमूल नेता के कई ठिकानों पर छापे
बंगाल में राशन वितरण घोटाले के मामले में गिरफ्तार तृणमूल नेता शंकर आध्या से जुड़े कई ठिकानों पर ईडी ने सोमवार को छापे मारे। ईडी ने मध्य कोलकाता के धर्मतल्ला इलाके के चौरंगी लेन स्थित एसआर आध्या फाइनेंस, कॉलिन स्ट्रीट, तालतल्ला के अलावा साल्ट लेक के सेक्टर-5 में छापे मारे। सूत्रों के मुताबिक सॉल्ट लेक के एक सीए के आवास की भी तलाशी ली गई। छापे के दौरान केंद्रीय बलों ने परिसरों को घेरे रखा। इसी महीने आध्या को गिरफ्तार किया गया था। बोनगांव नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष आध्या को मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक का करीबी माना जाता है। 

त्रिपुरा में आठ एनएलएफटी उग्रवादियों का आत्मसमर्पण
नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के आठ उग्रवादियों ने सोमवार को राज्य पुलिस मुख्यालय में डीआइजी (इंटेलिजेंस) कृष्णेंदु चक्रवर्ती के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पिछले साल से कुल 26 एनएलएफटी उग्रवादियों ने अपने हथियार डाल दिए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, विद्रोहियों ने 17 जिंदा कारतूस, बांग्लादेशी सिम कार्ड और वॉकी-टॉकी के साथ एक-एक चीनी पिस्तौल और राइफल जमा करा दी।  

मराठा आरक्षण के लिए 26 से फिर अनशन शुरू करेंगे जरांगे
मराठा आरक्षण के लिए मनोज जरांगे 26 जनवरी से मुंबई के आजाद मैदान या शिवाजी पार्क में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। आंदोलन के प्रमुख स्थल अंतरवाली सरती गांव में सोमवार को पत्रकारों से जरांगे ने कहा, मराठा समुदाय के लोग 20 जनवरी को मुंबई के लिए निकलेंगे और 26 से अनशन शुरू करेंगे।  
विज्ञापन

नेवल ऑपरेशंस के महानिदेशक बने वाइस एडमिरल एएन प्रमोद
वाइस एडमिरल एएन प्रमोद को नौसेना ऑपरेशंस का महानिदेशक (डीजीएनओ) नियुक्त किया गया है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर प्रमोद की नियुक्ति की जानकारी दी। प्रमोद एक जुलाई 1990 में नौसेना में शामिल हुए थे। वह गोवा नौसेना अकादमी में 38वीं एकीकृत कैडेट कोर्स के छात्र रहे हैं। नौसेना में उन्हें संचार एवं इलेक्टॉनिक्स युद्ध का माहिर माना जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें