कन्याकुमारी में हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। घटना कन्याकुमारी के अट्टूर की है, जहां स्ट्रीट लाइट का एक तार बराबर की इमारत की दीवार पर गिरा हुआ था, जिससे दीवार में करंट आ रहा था। एक युवक ने जैसे ही दीवार से हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आ गया। जब युवक की मां और बहन ने ये देखा तो वो उसे बचाने गईं और खुद की करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में तीनों की मौत हो गई। थिरुवत्तर पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। खबर आई है कि राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का एलान किया है।
कैदी के भागने पर नौ पुलिसकर्मी निलंबित
महाराष्ट्र के पुणे में एक ड्रग तस्करी के आरोपी के पुलिस हिरासत से भागने पर नौ पुलिसकर्मी निलंबित हो गए हैं। बता दें कि आरोपी ललित पवार बीते एक साल से जेल में बंद था। बीते दिनों वह इलाज के लिए सरकार अस्पताल लाया गया था, जहां से वह फरार हो गया। इस मामले में शीर्ष अधिकारियों ने लापरवाही बरतने के आरोप में नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाई हैं, जो उसकी तलाश में जुटी हैं। ललित पवार पर ड्रग तस्करी का आरोप है और वह बीते साल भर से पुणे की यरवदा जेल में बंद था।
जीएसएल और एमआईपीएल ने मिलाया हाथ
गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) ने मैरिट्रॉनिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ हाथ मिलाया है। बता दें कि दोनों मिलकर समुद्री क्षेत्र में खासकर समुद्री संचार, नेविगेशन प्रौद्योगिकी में स्वदेशी रिसर्च और विकास प्रयासों को बढ़ावा दिया जाएगा। यह साझेदारी भारत सरकार की आत्मनिर्भर भारत पहल के अनुरूप है। दोनों ने मिलकर COTS X बैंड रडार, एस बैंड रडार और फाइबर ऑप्टिक गाइरो को विकसित किया है। ये सभी रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग की चौथी पॉजिटिव इंडीजेनाइजेशन लिस्ट में शामिल हैं।
मानस रंजन रंगराज बने राज्य सभा में बीजेडी के चीफ व्हिप
बीजेडी ने बुधवार को सांसद मानस रंजन मंगराज को राज्य सभा में पार्टी का चीफ व्हिप नियुक्त किया है। मंगराज ने साल 2022 में सुलता देव और सस्मित पात्रा के साथ राज्य सभा सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण की थी।
एक विज्ञप्ति जारी कर पार्टी ने बताया, मानस रंजन मंगराज को तत्काल प्रभाव से राज्य सभा में बिजु जनता दल (बीजेडी) का चीफ व्हिप नियुक्त किया गया है। बता दें मंगराज ओडिशा सरकार में मीडिया और जनसंचार सलाहकार और चिलिका क्षेत्र के नेता भी हैं।
ट्रक से फेनसिडिल कफ सिरप की 44 हजार बोतलें बरामद
मेघालय पुलिस ने पूर्वी जयंटिया हिल्स जिले में एक ट्रक से 44,000 प्रतिबंधित फेनसिडिल कफ सिरप की बोतल बरामद की है। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है। खुफिया सूचना के आदार पर पुलिस ने लमशोंग से विपरित दिशा में एक ही रेजिस्ट्रेशन नंबर वाली वाली दो ट्रक को रोककर छानबीन की। तलाशी के दौरान 150 बैग में करीब 44,900 सिरप की बोतलें बरामद किया गया।
कुछ दिन पहले पुलिस ने मेघालय में फर्जी फेनसिडिल की फैक्टरी ढूंढ निकाला था, जिसमें तीन लोगों को गिरप्तार भी किया गया था। भारत में एक 100 मिली फेनसिडिल बोतल की कीमत करीब 100 रुपये है। वहीं बांग्लादेश में इसकी कीमत भारत से 10 गुना ज्यादा है।
नाबालिग की हत्या के मामले में आरोपियों को मौत की सजा
त्रिपुरा में पॉक्सो अदालत ने सील 2019 में एक छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या के आरोप में दो लोगों को मौत की सजा सुनाई है। उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर में 17 जून 2019 में दोनों आरोपियों ने बच्ची का अपहरण किया था।
बच्ची के घरवाले ने पुलिस में लापता होने का मामला भी दर्ज करवाया था, जिसके बाद ही नाबालिग का सव घर से छह किमी दूर चाय बगान में मिला। जांच के बाद पुलिस ने चार्जशीट दायर कर दोनों व्यक्ति को नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या का जिम्मेदार ठहराया। पूरे चार साल बाद 30 सितंबर को विशेष न्यायादीश अंगशुमन देबबर्मा को इस मामले में दोषी पाया और आज दोनो आरोपियों को मौत की सजा सुना दी गई।
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को तीन साल की सजा
अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में अदालत ने एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को अपने घर की नौकरानी का यौन उत्पीड़न मामले में जेल की सजा सुनाई है। जिला और सत्र न्यायालय ने राज्य के सेवानिवृत्त उप निरीक्षक को पॉस्को एक्स के तहत तीन साल की सजा सुनाई है।
माता-पिता के मौत के बाद नौकरानी आरोपी के घर पर ही काम करती थी। साल 2012 में आरोपी ने लगातार नौकरानी के साथ दुर्व्यवहार किया। साथ ही उसने लड़की को धमकी भी दी थी। हालांकि एक दिन मौके का फायदा उठाकर पीड़िता वहां से भाग निकलने में कामयाब रही। पुलिस ने पीड़िता को ढूंढने के बाद आरोपी के किलाफ आफआईआर दर्ज किया था।
बेंगलुरु में दो लाख से ज्यादा आवारा कुत्ते
बेंगलुरु नगर निकाय द्वारा किए गए एक आकलन सर्वेक्षण में पाया गया कि बेंगलुरु में कुल 2,79,335 आवारा कुत्ते हैं। बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के मुताबिक, 2019 में पिछले सर्वेक्षण की तुलना में सड़क-कुत्तों की आबादी में 10 फीसदी की कमी आई है, जिसमें 3,10,000 का आंकड़ा होने का अनुमान लगाया गया था।बुधवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि इसी कुल नपुंसकीकरण (न्यूटरिंग) 2019 में अनुमानित 51.16 फीसदी से बीस फीसदी बढ़कर 71.85 फीसदी हो गया है, जिससे पिल्लों की संख्या में कमी आई है।
अन्नामलाई की पदयात्रा 16 अक्तूबर तक के लिए स्थगित
तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के. अन्नामलाई की 'एन मन-एन मक्कल' पदयात्रा के अगले चरण को उनके खराब स्वास्थ्य के कारण पुनर्निर्धारित किया जा रहा है। पार्टी की राज्य इकाई ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि पैदल मार्च छह अक्तूबर को शुरू होना था, लेकिन अब इसे 16 अक्तूबर तक के लिए स्थगित किया जा रहा है।
इसने शहर के एक अस्पताल की एक विज्ञप्ति भी साझा की है, जिसमें कहा गया है कि अन्नामलाई को ब्रोंकोस्पाज्म (अस्थमा) के साथ वायरल लोअर रेस्पिरेटरी संक्रमण का अस्थायी रूप से निदान किया गया है। उन्हें पांच दिनों के लिए दवा और दो सप्ताह के लिए बिस्तर पर आराम करने की सलाह दी गई है। इसमें कहा गया है कि अन्नामलाई खांसी, सांस लेने में कठिनाई, गले में दर्द, शरीर में दर्द और थकान की शिकायत के साथ मंगलवार को अस्पताल गए थे। हालांकि, पार्टी ने कहा कि गुरुवार को यहां होने वाली जिला अध्यक्षों की बैठक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।
अरुणाचल प्रदेश के खमती चावल, चुरपी और तंगसा को जीआई टैग
अरुणाचल प्रदेश को चेन्नई में जीआई रजिस्ट्री द्वारा खमती चावल, तवांग के याक चुरपी और तंगसा वस्त्र के लिए भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग से सम्मानित किया गया है। खमती चावल नामसाई जिले में उत्पादित चिपचिपे चावल की एक किस्म है। यह अपने स्वाद के लिए जाना जाता है। चुरपी एक पनीर उत्पाद है जो भारत, नेपाल और भूटान के हिमालयी क्षेत्र में व्यापक रूप से खाया जाता है। अरुणाचल प्रदेश में यह बड़े पैमाने पर तवांग जिले में उत्पादित किया जाता है।
असम में बाल विवाह के खिलाफ अभियान के दूसरे चरण में 710 मामले दर्ज, 915 गिरफ्तार
असम के डीजीपी जीपी सिंह ने बुधवार को बताया कि बाल विवाह की कुरीति में शामिल लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दूसरे चरण में पुलिस ने 710 मामले दर्ज किए हैं और 1100 आरोपियों में से 915 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दूसरा चरण सोमवार शाम को शुरू हुआ था। गिरफ्तार किए गए 915 लोगों में से 546 उन लड़कियों के पति हैं जिनकी बचपन में शादी कर दी गई थी, 353 रिश्तेदार हैं और 16 विवाह कराने वाले हैं। डीजीपी ने बताया कि क्षेत्रीय आकलन में पाया गया कि इस साल फरवरी में पहले चरण में कार्रवाई से पहले की स्थिति की तुलना में अब बाल विवाह की घटनाओं में काफी गिरावट आई है। पहले चरण में कुल 4515 मामले दर्ज हुए थे और 3483 लोग गिरफ्तार किए गए थे। सिंह ने बताया कि पहले चरण में दर्ज किए गए कुल मामलों में 95.5 फीसदी में पहले ही आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
एयर इंडिया 23 अक्टूबर से नॉन-स्टॉप कोलकाता-बैंकॉक उड़ानें संचालित करेगी
एयर इंडिया 23 अक्टूबर से कोलकाता और बैंकॉक के बीच नॉन-स्टॉप सेवा शुरू करेगा। एयरलाइन ने बुधवार को एक बयान में इसकी जानकारी दी। विमानन कंपनी ने बताया कि कोलकाता में त्योहारी सीजन के दौरान शुरू की गई यह नई उड़ान दोनों शहरों के बीच सुविधाजनक सीधे कनेक्शन की आवश्यकता को पूरा करेगी। कंपनी ने बताया कि यह सेवा सप्ताह में छह दिन सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होगी।
बता दें कि एयर इंडिया वर्तमान में बैंकॉक के लिए प्रति सप्ताह कुल 14 उड़ानें संचालित करती है, जिसमें दिल्ली और मुंबई से गंतव्य को जोड़ने वाली दैनिक नॉन-स्टॉप उड़ानें शामिल हैं।